जौनपुर में पीआरडी के जवान ने रामपुर थाने के हेड मोहर्रिर पर लगाए गंभीर आरोप, कहा- 'अखबार का पैसा हजम कर लिया'
जौनपुर में पीआरडी जवान त्रिलोकी नाथ ने रामपुर थाने के हेड मोहर्रिर मनोज कुमार सिंह पर अखबार के बकाया पैसे ...और पढ़ें

जौनपुर में पीआरडी जवान ने रामपुर थाने के हेड मोहर्रिर पर लगाए गंभीर आरोप।
HighLights
पीआरडी जवान ने हेड मोहर्रिर पर अखबार के बकाया पैसे न देने का आरोप।
जवान का वेतन गलत अनुपस्थिति दर्शाकर काटने का भी गंभीर आरोप।
पुलिस अधीक्षक से मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कार्रवाई की मांग।
जागरण संवाददाता, सुरेरी (जौनपुर)। थाना क्षेत्र के नूरपुर गांव निवासी रामपुर थाने में तैनात रहे पीआरडी के जवान त्रिलोकी नाथ ने पुलिस अधीक्षक डा. यशवीर सिंह को प्रार्थनापत्र देकर रामपुर थाने के हेड मोहर्रिर मनोज कुमार सिंह पर गंभीर आरोप लगाए हैं।
त्रिलोकी नाथ के अनुसार गत अक्टूबर में उनकी तैनाती रामपुर थाने में थी। रात में ड्यूटी करने के बाद वह दिन में अखबार वितरण का भी कार्य करते थे। गत एक जून से अक्टूबर तक नियमित रूप से रामपुर थाने में अखबार दिया। अखबार के पांच माह के बकाया रुपये का भुगतान अभी तक नहीं हुआ है।
आरोप लगाया कि बकाया रुपये मांगने पर थाने के हेड मोहर्रिर मनोज कुमार सिंह हर माह टाल-मटोल करते रहे। बकाया भुगतान के लिए जोर देने पर हेड मोहर्रिर ने थाना प्रभारी से मिलकर उसके मास्टर रोल में एक गैरहाजिर दर्शा दिया, जिससे उसका वेतन कट गया।
वहीं अपने चहेते पीआरडी जवान सुशील कुमार को पूरे 31 दिन हाजिर दर्शाया जबकि वह हाइड्रोसील का आपरेशन कराने के कारण 13 से 31 अक्टूबर तक अनुपस्थित थे। पीड़ित त्रिलोकी नाथ ने ड्यूटी रजिस्टर की छाया प्रति भी साक्ष्य के रूप में देकर एसपी से मास्टर रोल व ड्यूटी रजिस्टर की निष्पक्ष जांच कराकर दोषियों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कराकर कार्रवाई व अखबार का बकाया पैसा दिलाए जाने की मांग की है।
थाना प्रभारी रामपुर रमेश कुमार ने बताया त्रिलोकी नाथ का एक दिन का वेतन अनुपस्थित रहने के कारण कटा है। अखबार का पैसा पूर्व थाना प्रभारी के कार्यकाल का बकाया होगा। इसकी जांच कराई जाएगी।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।