अवैध स्लाटर हाउस का भंडाफोड़, प्रतिबंधित मांस बरामद
कोतवाली पुलिस ने गुरुवार की सुबह अरंद गांव स्थित एक मकान में छापेमारी कर अवैध रूप से चलाए जा रहे स्लॉटर हाउस का भंडाफोड़ किया। तलाशी में एक क्विटल प्रतिबंधित मांस व अन्य सामान बरामद हुए।
जागरण संवाददाता, शाहगंज (जौनपुर): कोतवाली पुलिस ने गुरुवार की सुबह अरंद गांव स्थित एक मकान में छापेमारी कर अवैध रूप से चलाए जा रहे स्लाटर हाउस का भंडाफोड़ किया। इस दौरान तलाशी में एक क्विटल प्रतिबंधित मांस व अन्य सामान बरामद हुए। पुलिस ने चार तस्करों को गिरफ्तार कर लिया। गोवध निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने सभी को जेल भेज दिया।
कोतवाली में तैनात एसआइ सितलू राम सुबह हमराहियों के साथ क्षेत्र में गश्त पर निकले थे। इस बीच मुखबिर ने सूचना दी कि अरंद गांव निवासी शाहबाज अपने घर में प्रतिबंधित पशु का वध कर मांस की बिक्री करता है। पुलिस ने मकान पर छापा मारकर अवैध रूप से चलाए जा रहे स्लॉटर हाउस का भंडाफोड़ किया। पुलिस ने मौके पर मौजूद शहबाज, उसके भाई जावेद के अलावा गांव के ही बेलाल व लुकमान को गिरफ्तार कर लिया। इसके साथ ही पुलिस ने मौके से एक क्विटल प्रतिबंधित मांस, मवेशी की खाल, तराजू व बाट आदि बरामद किया। पुलिस की सूचना पर मौके पर पहुंचे पशु चिकित्सक ने मांस का नमूना लेकर परीक्षण के लिए मथुरा भेज दिया। गिरफ्तार आरोपितों का पुलिस ने गोवध निवारण व पशु क्रूरता अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर चालान कर दिया।