विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

सूर्य उपासना के महापर्व 'डाला छठ' की धूम, नहाय-खाय के साथ शुरू

By Akhilesh Singh Edited By: Abhishek sharma
Published: Fri, 13 Nov 2026 05:52 PM (IST)

जौनपुर में सूर्य उपासना का महापर्व 'डाला छठ' नहाय-खाय के साथ शुरू हो गया है, जिसमें जिलेभर में उत्साह और ...और पढ़ें

जौनपुर में डाला छठ महापर्व की धूम नहाय-खाय से शुरू।

जौनपुर में डाला छठ महापर्व की धूम नहाय-खाय से शुरू।

HighLights

  1. जौनपुर में डाला छठ महापर्व नहाय-खाय के साथ शुरू, उत्साह चरम पर।

  2. बाजारों में विशेष सामग्री की खरीदारी, घाटों पर सफाई जोरों पर।

  3. उमरवार गांव में प्रशासनिक अनदेखी, ग्रामीणों ने स्वयं साफ किए घाट।

जागरण संवाददाता, जौनपुर। सूर्य उपासना के सबसे बड़े व लोक आस्था के महापर्व 'डाला छठ' को लेकर जिलेभर में उत्साह और उल्लास का माहौल है। कार्तिक मास के शुक्ल पक्ष की चतुर्थी तिथि यानी 13 नवंबर को 'नहाय-खाय' के साथ इस चार दिवसीय अनुष्ठान का शुभारंभ हो गया।

इसके बाद 16 नवंबर को उगते हुए सूर्य को अर्घ्य अर्पित करने के साथ ही इस महापर्व का समापन होगा। पर्व को लेकर प्रशासनिक व सामाजिक स्तर पर तैयारियां जोरों पर हैं, वहीं बाजारों में भी खरीदारों की भारी भीड़ उमड़ने लगी है। छठ पर्व को लेकर जिले के बाजारों में अभूतपूर्व चहल-पहल देखने को मिली। नगर के कोतवाली चौराहा, सब्जी मंडी, स्टेशन रोड, ओलंदगंज, पालिटेक्निक चौराहा और सिपाह आदि प्रमुख इलाकों में नए चावल, गुड़, सूप और दउरा (बांस की टोकरी) की अस्थाई दुकानें सज चुकी हैं।

दुकानदारों का कहना है कि इस बार पर्व के लिए विशेष सामग्रियां दूसरे राज्यों से मंगाई गई हैं। व्रतियों के लिए बांस के सूप और दउरा ओडिशा व झारखंड से आए हैं, जबकि पूजन में विशेष महत्व रखने वाला घाघरा नींबू मुजफ्फरपुर (बिहार) और संतरा मध्य प्रदेश व महाराष्ट्र से मंगाया गया है। शाहगंज और मछलीशहर सहित जनपद के अन्य ग्रामीण व शहरी क्षेत्रों में भी बाजारों में जमकर खरीदारी होती रही।

प्रशासनिक व स्थानीय स्तर पर घाटों की सफाई
पर्व को सुगम और सुरक्षित बनाने के लिए जिला प्रशासन और नगर पालिका पूरी तरह मुस्तैद है। गुरुवार को गोमती नदी के प्रमुख घाटों और विभिन्न पोखरे-तालाबों पर साफ-सफाई अभियान चलाया गया। नगर पालिका जौनपुर के सफाई कर्मी दिनभर स्वच्छता कार्यों में जुटे रहे। घाटों के मार्ग के किनारे उगे झाड़-झंखाड़ और घास-फूस को साफ कर आवागमन का रास्ता सुगम बनाया गया।

सीढ़ियों पर जमे सिल्ट (कीचड़) को हटाकर विधिवत झाड़ू लगाई गई, ताकि श्रद्धालुओं को नदी तक पहुंचने में किसी प्रकार की असुविधा न हो। शाहगंज के ऐतिहासिक 'पक्का पोखरा' और मुंगराबादशाहपुर के 'बौलियो पोखरा' सहित जनपद के तमाम प्रमुख पूजन स्थलों की साफ-सफाई के साथ-साथ उनकी रंगाई-पुताई भी कराई गई है, जिससे घाटों की खूबसूरती देखते ही बन रही है। चार दिनों तक चलने वाले इस अनुष्ठान को लेकर हर घर में उत्सव जैसा उत्साह है और पूरा जौनपुर 'छठ मईया' की भक्ति में सराबोर हो चुका है।

खरना: बंद कमरे में व्रती ग्रहण करते हैं प्रसाद
नहाय-खाय के दूसरे दिन सभी व्रती पूरे दिन निर्जला उपवास रखते हैं। इस दिन गेहूं को धोकर सुखाया जाता है और शाम को पूजा के पश्चात खरना किया जाता है। खरना के दिन गुड़ से बनी चावल की खीर और घी चुपड़ी रोटी का प्रसाद तैयार किया जाता है। कई जगहों पर अरवा चावल, दाल और सब्जी का भी भगवान भाष्कर को भोग लगाया जाता है।

इसके अलावा केला, पानी सिंघाड़ा और विभिन्न मौसमी फल अर्पित किए जाते हैं। विशेष परंपरा के अनुसार खरना का यह प्रसाद व्रती मिट्टी के नए चूल्हे पर आम की लकड़ी की आंच पर बनाते हैं और इसे सबसे पहले बंद कमरे में अकेले ही ग्रहण करते हैं। इसके बाद ही परिवार और सगे-सम्बन्धियों में प्रसाद वितरित किया जाता है।

अनदेखी से ग्रामीण नाराज, खुद फावड़ा उठाकर सफाई में जुटे
थानागद्दी: सूर्य उपासना के महापर्व 'डाला छठ' को लेकर जहां एक तरफ पूरा जनपद उत्साह में डूबा है, वहीं दूसरी ओर क्षेत्र के उमरवार गांव के भदवार पुरवा में प्रशासनिक उदासीनता से ग्रामीणों में नाराजगी है। छठ पूजा से ठीक पहले गांव के तालाब की साफ-सफाई न होने पर आखिरकार ग्रामीणों को खुद ही फावड़ा उठाना पड़ा और वे श्रमदान कर घाटों की सफाई में जुट गए।

ग्रामीणों का कहना है कि बड़ी संख्या में महिलाएं और पुरुष तालाब के घाट पर पहुंचकर भगवान सूर्य को अर्घ्य देते हैं। ऐसे में पर्व से पहले घाटों की सफाई और मूलभूत व्यवस्थाएं सुनिश्चित कराना ग्राम पंचायत की प्राथमिक जिम्मेदारी है। ग्रामीणों ने खंड विकास अधिकारी केराकत से शिकायत दर्ज कराई है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।