दीपोत्सव पर छात्राओं ने बनाई आकर्षक रंगोली
वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय कौशल विकास एवं प्रशिक्षण केंद्र पर शनिवार को छात्राओं द्वारा कई प्रकार की रंगोली बनाई गई। छात्रों द्वारा स्वच्छ भारत अभियान के तहत सफाई अभियान चलाया गया जिसमें छात्र-छात्राओं ने बढ़ चढ़कर हिस्सा लिया।
जासं, जौनपुर: वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय के कौशल विकास एवं प्रशिक्षण केंद्र पर शनिवार को छात्राओं द्वारा कई प्रकार की रंगोली बनाई गई। छात्र-छात्राओं द्वारा स्वच्छ भारत अभियान के तहत सफाई अभियान चलाया गया। केंद्र प्रभारी शील निधि सिंह ने बताया कि जरूरतमंदों की मदद करना, पर्यावरण को बचाना ही सही मायने में दीपावली का उत्सव है। जिम्मेदार नागरिक होने के नाते पर्यावरण को स्वच्छ रखना हम सबकी जिम्मेदारी है। प्रदूषण के स्तर को कम न किया गया तो आने वाले समय में स्थिति और भी गंभीर हो जाएगी। रंगोली बनाने वाले में रागिनी यादव, सरिका सिंह, ममता यादव, पूजा विश्वकर्मा, रोली कश्यप, अंशिका, अंकिता, करिश्मा, सुषमा आदि रहीं।
मुफ्तीगंज प्रतिनिधि के अनुसार: स्थानीय ब्लाक स्थित एसपी इंटरनेशनल स्कूल सरकी में छात्र-छात्राओं द्वारा रंगोली एवं दीपोत्सव प्रतियोगिता आयोजित की गई। रंगोली में छात्राओं का व दीपोत्सव में छात्रों का दबदबा रहा। मुख्य अतिथि राहुल सिंह प्रवक्ता नवोदय विद्यालय ने जज की भूमिका निभाई। मैनेजिग डायरेक्टर राम कृपाल यादव ने कहा कि उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वालों को पुरस्कृत किया जाएगा। प्रधानाचार्य जेम्स नायक ने आभार जताया। उसी तरह नगर के रजा डीएम शिया इंटर कालेज में 5100 दीप जलाकर छात्र-छात्राओं ने कालेज परिसर को जगमग कर दिया। स्वच्छता अभियान, जल है तो कल है, पालीथिन हटाएं आदि स्लोगन व आकर्षक रंगोली ने सभी का मन मोह लिया। प्रधानाचार्य डा.अलमदार नजर ने धन्यवाद ज्ञापित किया।