पंजाब के नए DGP बने जौनपुर के गौरव यादव, पैतृक गांव में खुशी की लहर; पिता भी कर चुके हैं देश सेवा
जौनपुर के नौपेड़वा बेलापार गांव निवासी वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी गौरव यादव को पंजाब का पुलिस महानिदेशक नियुक्त किया गया है।

गौरव यादव
HighLights
जौनपुर के गौरव यादव पंजाब के नए DGP बने।
उनके पैतृक गांव बेलापार में खुशी का माहौल।
गौरव के पिता सेवानिवृत्त कर्नल भगवती प्रसाद यादव।
जागरण संवाददाता, जौनपुर। बक्शा विकास खंड के नौपेड़वा बेलापार गांव निवासी और वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी गौरव यादव को पंजाब का पुलिस महानिदेशक नियुक्त किया गया है।
पंजाब कैडर के 1992 बैच के आईपीएस अधिकारी गौरव यादव को राज्य पुलिस की कमान मिलने की खबर जैसे ही उनके पैतृक गांव बेलापार पहुंची, पूरा क्षेत्र खुशी से झूम उठा और गांव के लोगों ने बधाई दी।
आईपीएस गौरव यादव पूर्व में पंजाब पुलिस के माडर्नाइजेशन विंग की जिम्मेदारी संभाल चुके हैं और शिअद-भाजपा गठबंधन सरकार के दौरान भी कई अहम पदों पर कार्यरत रहे हैं। इसके अतिरिक्त वे पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान के विशेष प्रधान सचिव के रूप में भी अपनी सेवाएं दे चुके हैं।
गौरव यादव के पिता भी हैं सेवानिवृत्त कर्नल
गौरव यादव के चाचा आदित्य नारायण यादव 'बलई' ने बताया कि उनके पिता भगवती प्रसाद यादव सेना से सेवानिवृत्त कर्नल हैं, जो वर्तमान में लखनऊ स्थित अपने आवास पर रहते हैं।
कर्नल भगवती प्रसाद के एक मात्र पुत्र गौरव हैं, जबकि उनकी दो पुत्रियां हैं जिनमें से एक एम्स में डॉक्टर तथा दूसरी पीसीएस अधिकारी हैं।
यह भी पढ़ें- जौनपुर में कचरे से बन रही जैविक खाद, 35 लाख की लागत से स्थापित हुआ प्लांट
