खाद न मिलने से आक्रोशित किसानों ने किया प्रदर्शन
रबी की खेती का सीजन शुरू हो गया है और साधन सहकारी समितियों से उर्वरक गायब है। चक्कर लगाकर परेशान किसानों ने शनिवार को साधन सहकारी समिति दुगौली पर प्रदर्शन किया। जिला प्रशासन और सरकार विरोधी नारे लगाए।
जागरण संवाददाता, मुफ्तीगंज (जौनपुर): रबी की अगेती खेती का सीजन शुरू हो गया है और साधन सहकारी समितियों से उर्वरक गायब है। समितियों का चक्कर लगाकर परेशान किसानों ने शनिवार को साधन सहकारी समिति दुगौली पर प्रदर्शन किया। इस दौरान जिला प्रशासन और सरकार के विरोध में नारे लगाए।
किसानों का आरोप है कि सरकार किसानों की हितैषी होने का दावा करती है। इसके लिए तमाम योजनाएं संचालित हैं, वहीं दूसरी तरफ क्रियान्वयन में खामी के चलते जरूरतमंदों को लाभ नहीं मिल रहा है। इसका उदाहरण है उर्वरकों व बीज का वितरण। क्षेत्र की साधन सहकारी समिति दुगौली, मूर्तजाबाद, देवकली, बेलांव सहित किसी भी समिति पर उर्वरक उपलब्ध नहीं है। जिसकी वजह से किसानों को खाद के लिए दर-दर भटकना पड़ रहा है। मजबूरी में प्राइवेट दुकानों से अधिक मूल्य पर खरीदना पड़ रहा है। जहां गुणवत्ता की समस्या के साथ ही घटतौली का भी उन्हें शिकार होना पड़ रहा है। क्षेत्र के प्रगतिशील किसान चुनमुन राय, छेदी नागर, दुर्गा विश्वकर्मा, सुधीर यादव, नन्हकू यादव, सुशील सिंह, राजेंद्र नाथ पाठक, रमेश तिवारी, ज्ञान बहादुर सिंह सहित दर्जनों ने साधन सहकारी समिति का ताला बंद देख गोदाम पर ही प्रदर्शन करते हुए सरकार के प्रति आक्रोश व्यक्त किया। उनका कहना रहा कि बाजार में मिलने वाली रासायनिक खादों की गुणवत्ता की भी कोई गारंटी नहीं रहती है। इनदिनों रासायनिक खादों की मांग अधिक होने पर बाजार में गुणवत्ताविहीन खाद भी उपलब्ध है।