जौनपुर में पिकअप की चपेट में आने से चार वर्षीय बच्ची की मौत, परिवार में मचा कोहराम
जौनपुर के खम्हौरा गांव में पिकअप की चपेट में आने से चार वर्षीय मानवी गौतम की मौत हो गई। वह ...और पढ़ें

जौनपुर में पिकअप की टक्कर से चार वर्षीय बच्ची की मौत परिवार में मातम।
HighLights
जौनपुर में पिकअप की चपेट में आने से बच्ची की मौत।
बिस्किट-टॉफी लेकर लौट रही मानवी गौतम हादसे का शिकार।
चालक फरार, पुलिस ने पिकअप कब्जे में ली, जांच जारी।
जागरण संवाददाता, मल्हनी (जौनपुर)। सरायख्वाजा थाना क्षेत्र के खम्हौरा गांव में बुधवार को पिकअप की चपेट में आने से चार वर्षीय मानवी गौतम की मौत हो गई। वह घर के पास स्थित दुकान से बिस्किट-टॉफी लेकर लौट रही थी।
इसी दौरान टेंट का सामान लादकर जा रही पिकअप की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गई। स्वजन उसे आनन-फानन में बाइक से जिला अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। हादसे की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। मां पूजा समेत अन्य स्वजन का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
खम्हौरा गांव निवासी नीरज गौतम की चार वर्षीय पुत्री मानवी बुधवार को घर के पास की दुकान पर बिस्किट-टॉफी लेने गई थी। सामान लेकर लौटते समय वह सड़क पार कर रही थी। इसी बीच भकुरा मोड़ से जंगीपुर खुर्द की तरफ टेंट का सामान लादकर जा रही पिकअप की चपेट में आ गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
गंभीर रूप से घायल बच्ची को परिवार के लोग बाइक से जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।हादसे के बाद पिकअप चालक भी परिवार के लोगों के साथ जिला अस्पताल पहुंचा था। बच्ची की मौत की जानकारी होने के बाद वह अस्पताल से फरार हो गया। बताया गया कि पिकअप को घटनास्थल पर ही छोड़कर चालक परिवार के साथ अस्पताल गया था।
सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर पिकअप को कब्जे में ले लिया।घटना की जानकारी गांव में पहुंचते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए। बच्ची की मौत से लोगों में आक्रोश व्याप्त हो गया। संभावित जाम और तनाव की स्थिति को देखते हुए आसपास के कई थानों की पुलिस फोर्स मौके पर पहुंच गई।
पुलिस ने ग्रामीणों और स्वजन से बातचीत कर स्थिति पर नजर बनाए रखी।मानवी दो भाई-बहनों में छोटी थी। उसकी मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। घर में मां पूजा और अन्य परिजनों की चीख-पुकार से माहौल गमगीन हो गया। घटना को लेकर ग्रामीणों में भी काफी आक्रोश रहा। पुलिस पिकअप को कब्जे में लेकर चालक की तलाश में जुटी है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।