जौनपुर में दो करोड़ से बनने वाले डाग शेल्टर होम की नहीं पड़ सकी नींव, आवारा आतंक से खतरा बरकरार
जौनपुर में दो करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले डाग शेल्टर होम का निर्माण कार्य भूमि चिह्नित होने के बावजूद शुरू नहीं हो सका है। यह शेल्टर होम श्वानों की बढ़ती संख्या और काटने की घटनाओं को नियंत्रित करने के लिए महत्वपूर्ण है, जिसमें पशु चिकित्सक और एबीसी सेंटर भी होगा।

जौनपुर में दो करोड़ का डाग शेल्टर होम अटका, श्वानों का आतंक जारी।
HighLights
जौनपुर में दो करोड़ का डाग शेल्टर होम प्रस्तावित।
भूमि चिह्नित, पर निर्माण कार्य अभी तक शुरू नहीं।
श्वानों के काटने की घटनाओं में लगातार वृद्धि हो रही।
जागरण संवाददाता, जौनपुर। जान के दुश्मन बन रहे श्वान से निजात दिलाने के लिए नगर पालिका परिषद जौनपुर की ओर से दो करोड़ दस लाख से 20 बिस्वे में बनाए जाने वाले डाग शेल्टर होम की नींव नहीं पड़ सकी। यहां पशु चिकित्सक की भी तैनाती की जानी है।
साथ ही एनिमल बर्थ कंट्रोल सेंटर (एबीसी) भी बनाए जाने का प्रस्ताव है। प्रशासन की ओर से लंबे समय से इसके लिए कवायद की जा रही थी। लंबे समय बाद भूमि तो चिह्नित कर ली गई है, लेकिन इसके बाद बात आगे नहीं पड़ सकी। इसे प्रसाद तिराहा स्थित पचहटिया के पास बनाया जाना है।
जनपद में तीन नगर पालिका परिषद व नौ नगर पंचायतों में कहीं भी न तो श्वानों को पकड़ने की व्यवस्था है और न ही रखने की। शेल्टर होम में श्वानों को पकड़कर रखने, स्टरलाइजेशन, एंटी रेबीज टीकाकरण और उपचार की समुचित व्यवस्था होगी। इस पहल से श्वानों अनियंत्रित बढ़ती संख्या पर रोक लगाने के साथ ही डाग बाइट की घटनाओं में भी कमी आ सकेगी।
यह है एनिमल बर्थ कंट्रोल सेंटर
एनिमल बर्थ कंट्रोल (एबीसी) एक कार्यक्रम है, जिसके तहत मुख्य रूप से श्वानों की आबादी को मानवीय तरीके से नियंत्रित किया जाता है। इस प्रक्रिया में श्वानों को पकड़ा जाता है। एंटी रेबीज का टीका लगाया जाता है। स्वस्थ होने के बाद उन्हें उसी क्षेत्र में वापस छोड़ दिया जाता है, जहां से पकड़ा गया था।
लगातार लोग हो रहे शिकार
सड़क पर घूमने वाले श्वान आए दिन किसी न किसी को काट कर घायल कर रहे हैं। आए दिन यह किसी न किसी को काटकर घायल कर रहे हैं। झुंडों में निकलने वाले श्वानों से सबसे अधिक खतरा बुजुर्गों व छोटे बच्चों को रहता है। कई बार स्कूल जाते वक्त कुत्ते बच्चों को दौड़ा लेते हैं। इसके अलावा सुबह की सैर में भी जोखिम बना रहता है। वर्ष 2024 में जहां 30 हजार, 343 लोगों को श्वानों ने काटा वहीं 2025 में 55 हजार, 218 लोगों को कुत्ते जख्म दिए। इस वर्ष अभीतक जिला अस्पताल सहित स्वास्थ्य केंद्रों पर 7100 पीड़ितों को एंटी रेबीज लगाई गई।
जनपद के पहले डाग शेल्टर होम के लिए पचहटिया के पास भूमि चिह्नित की गई है। नवयुग पालिका योजना में इस प्रस्ताव को भी शामिल कर लिया गया है। शासन स्तर पर स्वीकृति मिलते ही कार्य निर्माण कराया जाएगा।
धर्मराज, ईओ नगर पालिका परिषद, जौनपुर।