पूर्वांचल विश्वविद्यालय से संबद्ध जौनपुर और गाजीपुर के महाविद्यालयों में समर्थ पोर्टल पर परीक्षा फार्म भरना बना चुनौती
वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय के समर्थ पोर्टल पर परीक्षा फॉर्म भरने में छात्रों और कॉलेजों को तकनीकी समस्याओं का ...और पढ़ें

पूर्वांचल विश्वविद्यालय: समर्थ पोर्टल पर परीक्षा फॉर्म भरने में छात्रों को भारी परेशानी, तिथि बढ़ी।
HighLights
समर्थ पोर्टल पर परीक्षा फॉर्म भरने में तकनीकी दिक्कतें।
परीक्षा फॉर्म जमा करने की अंतिम तिथि 5 नवंबर तक बढ़ी।
कॉलेजों को सीसीटीवी कैमरे जोड़ने और एफडीआर जमा करने के निर्देश।
जागरण संवाददाता, मल्हनी (जौनपुर)। वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय से संबद्ध जौनपुर और गाजीपुर के महाविद्यालयों में समर्थ पोर्टल पर परीक्षा फार्म भरने की प्रक्रिया विद्यार्थियों और महाविद्यालयों के लिए परेशानी का सबब बन गई है। स्नातक एवं परास्नातक के सेमेस्टर परीक्षा फार्म भरने में रजिस्ट्रेशन से लेकर विषय चयन और सत्यापन तक तकनीकी अड़चनें आ रही हैं। इससे विद्यार्थी असमंजस में हैं तो महाविद्यालयों के जिम्मेदार भी समस्याओं के समाधान के लिए विश्वविद्यालय का चक्कर लगा रहे हैं।
परीक्षा फार्म की तिथि घोषित होने के बाद शुरुआत में रजिस्ट्रेशन नहीं हो पा रहा था। शिकायतों के बाद यह प्रक्रिया शुरू हुई तो प्रोग्राम चयन में बाधा आने लगी। इसके समाधान के बाद कोर्स चयन में परेशानी सामने आई। अब मेजर और माइनर विषयों के विकल्प में एक ही पेपर प्रदर्शित होने से विद्यार्थी असमंजस में हैं कि किस विषय का चयन करें।वहीं, वर्ष 2023-24 और इससे पहले के बैच के बैक पेपर एवं कैरी फॉरवर्ड के फार्म भरने वाले विद्यार्थियों की मुश्किलें भी कम नहीं हैं।
कई बार तिथि बढ़ाए जाने के बावजूद कहीं फार्म सबमिट नहीं हो रहा तो कहीं वेरीफिकेशन की प्रक्रिया अटकी हुई है।समस्याओं को लेकर विश्वविद्यालय के व्हाट्सएप शिकायत माध्यम पर लगातार शिकायतें पहुंच रही हैं।महाविद्यालयों को व्यक्तिगत रूप से पत्र देकर भी समस्याएं बतानी पड़ रही हैं।
इसके बावजूद समाधान की गति धीमी बनी हुई है। प्रवेश और परीक्षा कार्यों के लिए अलग-अलग समन्वयक व जिम्मेदार अधिकारी नियुक्त होने के बाद भी स्थिति में अपेक्षित सुधार नहीं हो पा रहा है। जौनपुर और गाजीपुर के करीब 605 संबद्ध महाविद्यालयों के हजारों विद्यार्थी इससे प्रभावित हैं। सोमवार को भी कई महाविद्यालयों ने विश्वविद्यालय को पत्र भेजकर समस्याओं से अवगत कराया और पोर्टल की तकनीकी खामियां दूर कर परीक्षा फार्म भरने एवं सत्यापन की प्रक्रिया सुचारु कराने की मांग की।
परीक्षा आवेदन की तिथि छह नवंबर तक बढ़ी
वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय ने विषम सेमेस्टर की परीक्षा में शामिल होने वाले विद्यार्थियों को राहत देते हुए परीक्षा आवेदन पत्र भरने की तिथि बढ़ा दी है। महाविद्यालयों के प्राचार्यों और प्रबंधकों के अनुरोध पर कुलपति के आदेश से परीक्षा नियंत्रक ने तीन नवंबर को इस संबंध में आदेश जारी किया है। अब ऑनलाइन विषय चयन और सत्यापन के साथ परीक्षा आवेदन पत्र भरने की प्रक्रिया पांच नवंबर तक पूरी की जा सकेगी, जबकि परीक्षा शुल्क छह नवंबर तक जमा होगा।
विश्वविद्यालय से संबद्ध महाविद्यालयों और परिसर के स्नातक एवं परास्नातक पाठ्यक्रमों के सत्र 2026-27 के संस्थागत और पूर्व में उत्तीर्ण सेमेस्टर के आधार पर आगे की परीक्षा देने वाले विद्यार्थियों को इसका लाभ मिलेगा। आदेश के अनुसार स्नातक प्रथम एवं तृतीय तथा परास्नातक सप्तम एवं नवम सेमेस्टर के संस्थागत परीक्षा आवेदन समर्थ पोर्टल के माध्यम से भरे जाएंगे। स्नातक प्रथम और परास्नातक सप्तम सेमेस्टर के ऐसे विद्यार्थियों के आवेदन भी इसी पोर्टल से भरे जाएंगे, जिन्हें पूर्व के किसी सेमेस्टर की परीक्षा उत्तीर्ण करनी है।
वहीं, स्नातक पंचम सेमेस्टर के संस्थागत एवं ऐसे ही अन्य विद्यार्थियों के आवेदन, प्रथम सेमेस्टर के छूटे हुए संस्थागत तथा तृतीय सेमेस्टर के पूर्व परीक्षा के आवेदन पहले की तरह विश्वविद्यालय के पोर्टल से भरे जाएंगे। परास्नातक सप्तम और नवम सेमेस्टर के छूटे हुए विद्यार्थियों के आवेदन भी विश्वविद्यालय के पोर्टल से ही भरे जाएंगे।परीक्षा नियंत्रक डॉ. विनोद कुमार सिंह ने महाविद्यालयों को निर्देश दिया है कि विषय और प्रश्नपत्रों का चयन सावधानीपूर्वक कराएं। किसी प्रकार की त्रुटि होने पर संबंधित महाविद्यालय जिम्मेदार होंगे। परीक्षाएं पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 14 नवंबर से ही शुरू होंगी।
संबद्धता वाले विषयों की मूल सावधि जमा रसीद जमा करनी होगी
वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय ने संबद्ध महाविद्यालयों की संबद्धता से जुड़े अभिलेखों को लेकर सख्ती दिखाई है। विश्वविद्यालय ने सभी महाविद्यालयों से संबद्धता प्राप्त विषयों और पाठ्यक्रमों के लिए प्राभूत धनराशि के रूप में जमा कराई गई सावधि जमा रसीद का पूरा विवरण और उसकी मूल प्रति मांगी है। इसके लिए सात नवंबर तक की समय-सीमा निर्धारित की गई है।
कुलपति प्रो.राकेश कुमार सिंह के दो नवंबर के आदेश के अनुपालन में कुलसचिव डॉ.विनोद कुमार सिंह की ओर से तीन नवंबर को जारी पत्र में सभी प्राचार्यों और प्रबंधकों को निर्देशित किया गया है कि वे अपने महाविद्यालय के समस्त संबद्ध विषयों और पाठ्यक्रमों की सावधि जमा रसीद का विवरण निर्धारित प्रारूप में भरकर संबद्धता अनुभाग में जमा करें।निर्धारित प्रारूप में महाविद्यालय का नाम, विषय अथवा पाठ्यक्रम, जमा प्राभूति राशि, सावधि जमा रसीद संख्या, बैंक का नाम तथा राशि जमा करने और परिपक्वता की तिथि का उल्लेख करना होगा।
इसके साथ ही मूल रसीद भी संलग्न करनी होगी।विश्वविद्यालय ने स्पष्ट किया है कि प्रत्येक महाविद्यालय को अपने सभी संबद्ध विषयों और पाठ्यक्रमों की जमा धनराशि का विवरण अनिवार्य रूप से उपलब्ध कराना होगा। केवल विवरण देना पर्याप्त नहीं होगा, बल्कि मूल रसीद भी जमा करनी होगी। पत्र में यह भी स्पष्ट किया गया है कि सावधि जमा की अवधि पूरी होने पर संबंधित महाविद्यालय को उसका नवीनीकरण कराकर मूल रसीद दोबारा विश्वविद्यालय में जमा करनी होगी। संबद्धता अनुभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों को प्राप्त मूल रसीद संबंधित महाविद्यालय की पत्रावली में सुरक्षित रखने का निर्देश दिया गया है।
छह नवंबर तक शिक्षकों का अनुमोदन और सीसीटीवी कैमरे जोड़ने होंगे
वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय ने संबद्ध महाविद्यालयों को प्राचार्य और प्रवक्ताओं के चयन एवं अनुमोदन की प्रक्रिया पूरी करने के लिए छह नवंबर तक का अंतिम अवसर दिया है। इसके साथ ही 14 नवंबर से शुरू होने वाली विषम सेमेस्टर की परीक्षाओं को देखते हुए सभी परीक्षा केंद्रों और नोडल केंद्रों के सीसीटीवी कैमरों को विश्वविद्यालय के नियंत्रण कक्ष से जोड़ना अनिवार्य कर दिया गया है।
विश्वविद्यालय की ओर से तीन नवंबर को जारी आदेश में कहा गया है कि पूर्व में कई आदेशों के माध्यम से महाविद्यालयों को 31 अक्टूबर तक मानक के अनुसार प्राचार्य और प्रवक्ताओं का चयन कराकर विश्वविद्यालय से अद्यतन अनुमोदन प्राप्त करने का निर्देश दिया गया था। इसके बावजूद कुछ महाविद्यालयों ने अब तक प्रक्रिया पूरी नहीं की है। इसे विश्वविद्यालय ने आपत्तिजनक माना है। ऐसे महाविद्यालयों को छह नवंबर तक प्रबंध समिति, प्राचार्य और प्रवक्ताओं के चयन एवं अनुमोदन की समस्त कार्यवाही पूरी करने का निर्देश दिया गया है।
वहीं, परीक्षा की निगरानी व्यवस्था को लेकर भी विश्वविद्यालय ने सख्ती दिखाई है। स्नातक प्रथम, तृतीय और पंचम तथा परास्नातक सप्तम एवं नवम सेमेस्टर की परीक्षाएं 14 नवंबर से शुरू होनी हैं। पारदर्शी और शांतिपूर्ण परीक्षा संचालन के लिए महाविद्यालयों में लगे सीसीटीवी कैमरों को विश्वविद्यालय के नियंत्रण कक्ष से जोड़ा जाएगा।
इसके लिए महाविद्यालयों को अपने सीसीटीवी उपकरणों का विवरण विश्वविद्यालय द्वारा निर्धारित डहुआ, सीपी प्लस अथवा ट्रू व्यू प्रणाली के माध्यम से उपलब्ध कराना होगा। इसकी जानकारी छह नवंबर तक nodalcctv@vbspu.ac.in पर ई-मेल, 9453932365 नंबर पर व्हाट्सएप अथवा निर्धारित गूगल प्रपत्र के माध्यम से भेजनी होगी।विश्वविद्यालय का उद्देश्य नोडल और परीक्षा केंद्रों के सीसीटीवी कैमरों से प्राप्त दृश्य और ध्वनि की नियंत्रण कक्ष से निगरानी सुनिश्चित करना है, जिससे परीक्षा संचालन पर प्रभावी नजर रखी जा सके।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।