फार्मर रजिस्ट्री में किसानों की पत्नियों की बनेगी 'स्पाउस आईडी', मिलेगा योजनाओं का सीधा लाभ
सरकार ने कृषि क्षेत्र में महिलाओं की पहचान सुनिश्चित करने और उन्हें योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए फार्मर रजिस्ट्री में 'स्पाउस आईडी' बनाने की व्यवस्था शुरू की है।

इस फोटो को एआई टूल की मदद से बनाया गया है।
HighLights
महिलाओं को कृषि क्षेत्र में स्वतंत्र पहचान मिलेगी।
फार्मर रजिस्ट्री में पत्नियों के लिए स्पाउस आईडी बनेगी।
कृषि योजनाओं का सीधा लाभ महिला किसानों को मिलेगा।
जागरण संवाददाता: जौनपुर। खेती-किसानी की रीढ़ मानी जाने वाली महिलाओं को कृषि क्षेत्र में एक नई व स्वतंत्र पहचान दिलाने के लिए सरकार ने एक महत्वपूर्ण कदम उठाया है। इसके तहत अब फार्मर रजिस्ट्री में दर्ज जमीन के मालिक किसान की पत्नी के लिए अलग से 'स्पाउसआईडी' बनाने की व्यवस्था की गई है।
इस नई पहल से जनपद की उन लाखों महिलाओं को बहुत जल्द सीधा लाभ मिलने की उम्मीद है, जो खेतों में दिन-रात पसीना बहाने के बावजूद जमीन के राजस्व अभिलेखों में नाम दर्ज न होने के कारण योजनाओं से वंचित रह जाती थीं।
कृषि और ग्रामीण अर्थव्यवस्था में महिलाओं की भूमिका किसी से छिपी नहीं है। रोपाई से लेकर कटाई-मड़ाई, फसल की देखरेख और पशुपालन तक का पूरा जिम्मा अमूमन महिलाएं ही संभालती हैं।
इसके अलावा पारिवारिक कृषि संबंधी निर्णयों में भी उनकी सक्रिय भागीदारी रहती है, लेकिन, जमीन का मालिकाना हक आमतौर पर पुरुषों के नाम होने के कारण वे औपचारिक रूप से 'किसान' के रूप में पंजीकृत नहीं हो पाती थीं। इसी विसंगति को दूर करने के लिए सरकार ने स्पाउस आईडी का यह खाका तैयार किया है।
मालिकाना हक पर नहीं पड़ेगा कोई असर
इस व्यवस्था से जमीन के मालिकाना हक, उत्तराधिकार या किसी अन्य कानूनी अधिकार में कोई फेरबदल नहीं होगा। यह विशेष व्यवस्था पूरी तरह से कृषि संबंधी पहचान और सुविधाओं के दायरे तक ही सीमित रहेगी। इसकी प्रक्रिया शेयरक्रापर व टेनेंट (बटाईदार एवं पट्टेदार) आईडी की व्यवस्था के बिल्कुल समान होगी।
अंतर्राष्ट्रीय महिला किसान वर्ष पर सरकार की पहल
वर्ष 2026 को संयुक्त राष्ट्र द्वारा 'अंतर्राष्ट्रीय महिला किसान वर्ष' के रूप में मनाया जा रहा है। ऐसे में महिला किसानों की पहचान और कृषि में उनके अमूल्य योगदान को आधिकारिक मान्यता देने के लिहाज से यह पहल बेहद सामयिक और क्रांतिकारी मानी जा रही है।
इस तरह से ऑनलाइन बनेगी स्पाउस आईडी
- महिला को सबसे पहले स्पाउस रजिस्ट्रेशन माड्यूल के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन करना होगा।
- आवेदन के दौरान आधार नंबर दर्ज कर ई-केवाईसी की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
- इसके बाद पति अथवा भूमि के मालिक किसान की प्राइमरी फार्मर आईडी दर्ज करनी होगी।
- प्राइमरी फार्मर आईडी से रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर पर एक ओटीपी आएगा, जिससे पति की सहमति ली जाएगी।
- सहमति मिलते ही पति की फार्मर रजिस्ट्री में दर्ज जमीन का पूरा ब्योरा स्वतः आवेदन से जुड़ जाएगा। महिला इसे देखकर घोषणा पत्र पर ई-साइन करेगी।
- अंत में, पति अपने लागिन के माध्यम से इस आवेदन को स्वीकृत या अस्वीकृत कर सकेगा। पति की स्वीकृति मिलते ही पत्नी की अलग स्पाउस आईडी जारी हो जाएगी, जो मुख्य फार्मर आईडी से लिंक रहेगी।
खेती-किसानी में महिलाओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। महिलाएं खेतों में काम करने से लेकर पशुपालन और कृषि संबंधी अन्य गतिविधियों में सक्रिय रहती हैं। भूमि अभिलेखों में नाम न होने से वे किसान के रूप में पहचान नहीं करा पाती थीं। स्पाउस आईडी लागू होने से उन्हें अलग पहचान मिलेगी और वे शासन की कृषि योजनाओं का लाभ उठा सकेंगी। -अश्वनी सिंह, उप कृषि निदेशक।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।