पूर्वांचल विवि में अब ऑनलाइन दर्ज होगी परीक्षार्थियों की उपस्थिति, महाविद्यालयों को समझाई प्रक्रिया
वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय ने विषम सेमेस्टर परीक्षाओं के लिए ऑनलाइन उपस्थिति दर्ज करने की नई प्रक्रिया शुरू की ...और पढ़ें

पूर्वांचल विश्वविद्यालय में अब ऑनलाइन दर्ज होगी परीक्षार्थियों की उपस्थिति प्रक्रिया।
HighLights
पूर्वांचल विश्वविद्यालय ने विषम सेमेस्टर परीक्षाओं में ऑनलाइन उपस्थिति प्रक्रिया शुरू की।
संबद्ध महाविद्यालयों को ऑनलाइन उपस्थिति दर्ज करने की विधि समझाई गई।
परीक्षा में अनुचित साधन प्रयोग (UFM) की रिपोर्टिंग भी ऑनलाइन होगी।
जागरण संवाददाता, मल्हनी (जौनपुर)। वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय ने विषम सेमेस्टर परीक्षाओं के दौरान परीक्षार्थियों की ऑनलाइन उपस्थिति दर्ज करने की प्रक्रिया को लेकर महाविद्यालयों को तकनीकी जानकारी उपलब्ध कराई है। विवि में यह प्रक्रिया पहली बार शुरू की गई है।
कुलपति प्रो.आरके सिंह व परीक्षा नियंत्रक डॉ. विनोद कुमार सिंह के निर्देश पर एमबीए विभाग के शिक्षक डॉ. शुतोष कुमार सिंह ने इंटरनेट मीडिया के माध्यम से एक जानकारीपरक वीडियो जारी कर जौनपुर और गाजीपुर के संबद्ध महाविद्यालयों के प्राचार्यों को उपस्थिति दर्ज करने की प्रक्रिया समझाई है।
वीडियो में बताया गया है कि महाविद्यालय के संचालक प्राचार्य लॉगिन पर जाकर पहले संबंधित पाठ्यक्रम का चयन करेंगे। इसके बाद परीक्षा के विकल्प पर जाकर कैरी फॉरवर्ड अथवा संबंधित सेमेस्टर की परीक्षा स्थिति का चयन करना होगा। ओके करने के बाद संबंधित परीक्षार्थियों का पूरा विवरण स्क्रीन पर प्रदर्शित होने लगेगा।
इसमें विद्यार्थी का नाम, पिता का नाम, अनुक्रमांक और नामांकन संख्या शामिल होगी।इसके आधार पर महाविद्यालय प्रशासन और केंद्राध्यक्ष परीक्षार्थियों की उपस्थिति दर्ज कर सकेंगे। बताया गया कि यदि एक ही दिन में कई पाठ्यक्रमों की परीक्षाएं निर्धारित हैं तो प्रत्येक पाठ्यक्रम की परीक्षा अलग-अलग दिखाई देगी।
एक पृष्ठ पर अधिकतम 100 विद्यार्थियों का विवरण प्रदर्शित होगा। उनकी उपस्थिति दर्ज करने के बाद अगले पृष्ठ पर जाकर शेष विद्यार्थियों का विवरण देखा जा सकेगा। इस व्यवस्था में ऑनलाइन उपस्थिति दर्ज करने के लिए अलग से कॉलम उपलब्ध कराया गया है।
इसमें सभी विद्यार्थियों को एक साथ उपस्थित दर्ज करने की सुविधा भी दी गई है। यदि किसी विद्यार्थी को अनुपस्थित दर्ज करना है तो उसके नाम के सामने दिए गए विकल्प पर जाकर रीसेट करना होगा।वीडियो में यह भी स्पष्ट किया गया है कि परीक्षा के दौरान यदि कोई विद्यार्थी नकल अथवा अनुचित साधन का प्रयोग करते पकड़ा जाता है तो उसके विरुद्ध अनुचित साधन प्रयोग (यूएफएम) की प्रक्रिया भी ऑनलाइन माध्यम से पूरी की जा सकती है।
इसके लिए भी संबंधित व्यवस्था ऑनलाइन ही उपलब्ध कराई गई है।विश्वविद्यालय की ओर से जारी इस वीडियो का उद्देश्य महाविद्यालयों को ऑनलाइन उपस्थिति व्यवस्था से परिचित कराना है, ताकि परीक्षा के दौरान विद्यार्थियों की उपस्थिति दर्ज करने में किसी प्रकार की तकनीकी परेशानी न हो और पूरी प्रक्रिया व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराई जा सके।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।