पूर्वांचल विवि में परीक्षार्थियों की ऑनलाइन उपस्थिति नहीं भरने पर 34 परीक्षा केंद्रों को चेतावनी
वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय ने 20 नवंबर की परीक्षा में छात्रों की ऑनलाइन उपस्थिति दर्ज न करने पर 34 परीक्षा केंद्रों को कड़ी चेतावनी दी है। कुलपति की नाराजगी के बाद परीक्षा नियंत्रक ने सभी केंद्रों को शत-प्रतिशत ऑनलाइन उपस्थिति और सीसीटीवी लिंकिंग सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है।

पूर्वांचल विश्वविद्यालय ने ऑनलाइन उपस्थिति में लापरवाही पर 34 केंद्रों को चेताया।
HighLights
कुलपति ने ऑनलाइन उपस्थिति में लापरवाही पर कड़ी नाराजगी जताई।
34 परीक्षा केंद्रों को चेतावनी जारी, शत-प्रतिशत उपस्थिति अनिवार्य।
परीक्षा नियंत्रक ने सीसीटीवी लिंकिंग और सख्त अनुपालन का निर्देश दिया।
जागरण संवाददाता, मल्हनी (जौनपुर)। वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय की विषम सेमेस्टर परीक्षाओं में ऑनलाइन उपस्थिति दर्ज करने में लापरवाही पर कुलपति प्रो. राकेश कुमार सिंह ने कड़ी नाराजगी जताई है। 20 नवंबर को हुई परीक्षा में 34 परीक्षा केंद्रों पर छात्रों की उपस्थिति अथवा अनुपस्थिति का शत-प्रतिशत विवरण ऑनलाइन पोर्टल पर दर्ज नहीं किया गया। कुलपति के निर्देश पर परीक्षा नियंत्रक डॉ. विनोद कुमार सिंह ने सभी केंद्राध्यक्षों को चेतावनी जारी करते हुए प्रत्येक पाली में परीक्षार्थियों की शत-प्रतिशत ऑनलाइन उपस्थिति दर्ज करने का निर्देश दिया है।
विश्वविद्यालय प्रशासन ने परीक्षा शुरू होने से पहले ही सभी परीक्षा केंद्रों के प्राचार्यों और केंद्राध्यक्षों को प्रत्येक पाली में उपस्थिति-अनुपस्थिति ऑनलाइन दर्ज करने के स्पष्ट निर्देश दिए थे।इसके बावजूद 20 नवंबर की परीक्षा में कई केंद्रों ने निर्देशों का पालन नहीं किया। इसे विश्वविद्यालय प्रशासन ने परीक्षा व्यवस्था में गंभीर लापरवाही माना है। कुलपति ने निर्देशों का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित कराने को कहा है।
किस केंद्र पर कितने छात्रों की उपस्थिति नहीं हुई दर्ज
जारी सूची के अनुसार राजा श्री कृष्ण दत्त स्नातकोत्तर महाविद्यालय में 128, सल्तनत बहादुर महाविद्यालय में दोपहर की पाली में 101 और शाम की पाली में 67, लाची देवी महिला महाविद्यालय में 76, रघुनंदन किशुनदेव पीजी कॉलेज में 55 और सीताराम शांति निकेतन महिला महाविद्यालय में 40 छात्रों की उपस्थिति ऑनलाइन दर्ज नहीं की गई।
जीवनदीप वुमेन कॉलेज आफ एजुकेशन में 37, मड़ियाहूं स्नातकोत्तर महाविद्यालय में 35, स्वर्गीय चंद्रशेखर जी पूर्व प्रधानमंत्री स्मारक महाविद्यालय में 34, परनाथ जनार्दन गर्ल्स डिग्री कॉलेज में 32, राधाकृष्ण बालिका शिक्षण संस्थान में 29 और मोतीलाल महाविद्यालय में 25 छात्रों की ऑनलाइन उपस्थिति दर्ज नहीं हुई।
जय मासुदामी देवी बालिका महाविद्यालय में दोपहर की पाली में 24 और शाम की पाली में 21, श्री शिव महाविद्यालय में दोपहर में 5 और शाम में 20, मां कमला देवी महाविद्यालय में 17, निरंजन महाविद्यालय में 16, अमरनाथ सोना देवी महाविद्यालय में 15, बहन मायावती महाविद्यालय में 14 और सुखमय महिला महाविद्यालय में 13 छात्रों की उपस्थिति दर्ज नहीं हुई।
इसी क्रम में मां प्रेमा महिला महाविद्यालय में 12, जगन्नाथ महाविद्यालय दौलतपुर में 10, डॉ. भीमराव आंबेडकर बालिका डिग्री कॉलेज में आठ, मूलचंद महाविद्यालय में आठ, आरएस राज महाविद्यालय में सात, मां आशा ज्ञानदीप संस्थान में छह और रामजग महाविद्यालय में चार छात्रों की उपस्थिति ऑनलाइन दर्ज नहीं की गई।
इन केंद्रों पर भी रही लापरवाही
आचार्य त्रिवेणी दास बालिका महाविद्यालय में दोपहर की पाली में तीन और शाम की पाली में दो, शंभूनारायण महाविद्यालय, संत रामनारायण राजकिशोर शंकर महिला महाविद्यालय, बिजू पटनायक सोनकर बालिका डिग्री कॉलेज तथा सर्वोदय विद्यापीठ महाविद्यालय में दो-दो छात्रों की उपस्थिति ऑनलाइन दर्ज नहीं हुई।
हर पाली में उपस्थिति दर्ज करना अनिवार्य
परीक्षा नियंत्रक ने सभी प्राचार्यों और केंद्राध्यक्षों को निर्देश दिया है कि प्रत्येक परीक्षा तिथि पर हर पाली में उपस्थित और अनुपस्थित छात्रों का विवरण शत-प्रतिशत ऑनलाइन दर्ज किया जाए। साथ ही सभी परीक्षा केंद्रों को विश्वविद्यालय के सीसीटीवी मॉनिटरिंग सेल से लिंक करना अनिवार्य किया गया है। विश्वविद्यालय प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि परीक्षा संबंधी निर्देशों के अनुपालन में किसी भी तरह की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी और आगे ऐसी स्थिति मिलने पर संबंधित केंद्र की जिम्मेदारी तय की जाएगी।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।