विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

विषम सेमेस्टर की उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन शुरू, कुलपति ने परीक्षकों को सौंपी कापियां

By khalid shah Edited By: Abhishek sharma
Published: Thu, 26 Nov 2026 06:40 PM (IST)

वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय में विषम सेमेस्टर की उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन पूजन-अर्चन के साथ शुरू हुआ। कुलपति प्रो. राकेश कुमार सिंह ने परीक्षकों को कापियां सौंपकर निष्पक्ष और समयबद्ध मूल्यांकन पर जोर दिया।

पूर्वांचल विश्वविद्यालय में विषम सेमेस्टर मूल्यांकन प्रारंभ, कुलपति ने सौंपी उत्तर पुस्तिकाएं।

पूर्वांचल विश्वविद्यालय में विषम सेमेस्टर मूल्यांकन प्रारंभ, कुलपति ने सौंपी उत्तर पुस्तिकाएं।

HighLights

  1. पूर्वांचल विश्वविद्यालय में विषम सेमेस्टर मूल्यांकन कार्य शुरू हुआ।

  2. कुलपति ने पूजन कर परीक्षकों को कापियां सौंपी।

  3. निष्पक्ष, पारदर्शी मूल्यांकन पर कुलपति ने जोर दिया।

जागरण संवाददाता, मल्हनी (जौनपुर)। वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय में विषम सेमेस्टर सत्र 2026-27 की उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन गुरुवार को विधि-विधान से पूजन-अर्चन के साथ शुरू हुआ। बाला साहब देवरस केंद्रीय मूल्यांकन भवन में कुलपति प्रो. राकेश कुमार सिंह ने पूजन-अर्चन कर मूल्यांकन कार्य के सुचारु एवं निर्विघ्न संचालन की कामना की। इसके बाद उन्होंने परीक्षकों को अपने हाथों से उत्तर पुस्तिकाएं सौंपकर मूल्यांकन कार्य का शुभारंभ कराया।

कुलपति ने कहा कि उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन परीक्षा प्रक्रिया का अत्यंत महत्वपूर्ण चरण है। परीक्षकों द्वारा दिए गए अंकों के आधार पर विद्यार्थियों की मेहनत और शैक्षणिक योग्यता का आकलन होता है। ऐसे में मूल्यांकन में पूरी निष्पक्षता, पारदर्शिता और गंभीरता बरती जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय का लक्ष्य निर्धारित समयावधि में परीक्षा परिणाम घोषित करना है, ताकि विद्यार्थियों को आगे की पढ़ाई और अन्य शैक्षणिक कार्यों में अनावश्यक परेशानी न हो।

इसके लिए अधिकारियों, शिक्षकों और कर्मचारियों को आपसी समन्वय के साथ जिम्मेदारी निभानी होगी।परीक्षा नियंत्रक डॉ. विनोद कुमार सिंह ने परीक्षकों को निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुरूप सावधानीपूर्वक मूल्यांकन करने को कहा। उन्होंने कहा कि मूल्यांकन की शुद्धता विद्यार्थियों के शैक्षणिक भविष्य से सीधे जुड़ी है, इसलिए किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए।

मूल्यांकन समन्वयक डॉ. योगेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि मूल्यांकन को समयबद्ध और व्यवस्थित ढंग से पूरा कराने के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं। परीक्षकों से शैक्षणिक निष्ठा के साथ उत्तर पुस्तिकाओं की जांच करने की अपील की गई। पूजन-अर्चन शशिकांत त्रिपाठी ने कराया।इस दौरान प्रो. गिरिधर मिश्र, डॉ. अमरेंद्र कुमार सिंह, उप समन्वयक डॉ. अजय कुमार, डॉ. ममता सिंह, डॉ. श्याम सुंदर उपाध्याय, डॉ. दिग्विजय सिंह राठौर,संजय शर्मा, श्याम धर त्रिपाठी सहित विश्वविद्यालय के अधिकारी, शिक्षक और कर्मचारी मौजूद रहे।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।