जौनपुर में इमरान हाशमी और जेनेलिया ने 'गन मास्टर जी-9' मूवी का किया प्रमोशन, नई फिल्म की शूटिंग का किया एलान
बॉलीवुड अभिनेता इमरान हाशमी और जेनेलिया देशमुख ने जौनपुर में अपनी फिल्म 'गन मास्टर जी-9' का प्रमोशन किया। इस दौरान इमरान हाशमी ने जौनपुर में अपनी अगली फिल्म की शूटिंग करने की घोषणा भी की।

अभिनेता इमरान हाशमी, अभिनेत्री जेनेलिया देशमुख व पूर्व IAS अभिषेक सिंह। फोटो- जागरण
HighLights
इमरान हाशमी और जेनेलिया ने 'गन मास्टर जी-9' का प्रमोशन किया।
इमरान हाशमी ने जौनपुर में नई फिल्म शूटिंग का एलान किया।
पूर्व आईएएस अभिषेक सिंह भी फिल्म टीम के साथ मौजूद रहे।
जागरण संवाददाता, जौनपुर। अपनी फिल्म गन मास्टर जी 9 के प्रमोशन के लिए बॉलीवुड सिने स्टार इमरान हाशमी गुरुवार को अपनी टीम के साथ जौनपुर पहुंचे। नगर के मोहम्मद हसन इंटर कॉलेज के मैदान में समर्थकों की भारी भीड़ के बीच उन्होंने इस फिल्म का प्रमोशन दिखाया। 27 नवंबर को रिलीज होने वाली फिल्म को थिएटर में जाकर देखने का लोगों से अनुरोध भी किया। इस दौरान फिल्म अभिनेत्री जेनेलिया देशमुख भी मौजूद रहीं।
आदित्य दत्त के निर्देशन में बनी इस फिल्म के निर्माता दीपक मुकुट के साथ इस फिल्म में यहां के मूल निवासी पूर्व आईएएस अधिकारी अभिषेक सिंह ने भी एक पुलिस अधिकारी का किरदार निभाया है।

इसी के चलते उन्होंने इमरान हाशमी व फिल्म की पूरी टीम को यहां बुलाया। इमरान हाशमी ने भी समर्थकों को निराश नहीं किया। उन्होंने खास बातचीत में कहा कि जिस तरह से जौनपुर शिराज ए हिंद के नाम से पूरे विश्व में जाना जाता है वह आज देखने को भी मिला है। जनता के इस प्यार को कभी वह भुला नहीं पाएंगे और जल्द ही वह फिर जौनपुर आएंगे।

एलान किया कि जौनपुर में भविष्य में शीघ्र ही अपनी एक नई फिल्म की शूटिंग करेंगे। जेनेलिया देशमुख ने भी युवाओं से अपील की कि इस फिल्म को 27 नवंबर को थिएटर में जरूर देखने जाएं।
उन्होंने भरोसा दिलाया कि इस फिल्म में आपको वह सब कुछ मिलेगा जो आप देखने के इच्छुक हैं। कार्यक्रम के दौरान सीओ सिटी सम्यक चौधरी अपनी पुलिस टीम के साथ मुस्तैद रहे।
पहली बार किसी बॉलीवुड फिल्म के प्रमोशन का गवाह बना शहर
जौनपुर: किसी बॉलीवुड फिल्म की रिलीज से पूर्व प्रमोशन के लिए पूरी स्टार कास्ट पहली बार जिले में पहुंची। अपने पसंदीदा सितारों की एक झलक पाने के लिए कालेज मैदान में युवाओं और प्रशंसकों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी।

प्रमोशन कार्यक्रम में बॉलीवुड के चर्चित अभिनेता इमरान हाशमी, अभिनेत्री जेनेलिया देशमुख, अभिनेता अपारशक्ति खुराना तथा पूर्व आईएएस अधिकारी व अभिनेता अभिषेक सिंह मंच पर मौजूद रहे।
फूल की पंखुड़ी जेनेलिया की आंख में पड़ी
फिल्म प्रमोशन कार्यक्रम के दौरान अभिनेत्री जेनेलिया देशमुख की आंख में स्वागत के दौरान फूल की फेंकी गई पंखुड़ी आंख में जा पड़ी। इससे उन्हें कुछ देर के लिए परेशानी हुई। साथ में मौजूद मेडिकल टीम ने उनकी जांच कर आवश्यक दवा दी। कुछ ही देर में उन्हें राहत मिल गई।
फिल्म अभिनेत्री का गर्मजोशी से स्वागत
जेनेलिया देशमुख के फिल्मी लटकों-झटकों व अलग अंदाज के युवा समर्थक मुरीद दिखे। शहर की सड़कों पर फिल्म अभिनेत्री का गर्मजोशी से स्वागत भी किया गया। अभिषेक सिंह ने बताया कि दवा लेने के बाद आंख ठीक रही।
युवाओं से किया सीधा संवाद
मंच पर पहुंचते ही सितारों ने जौनपुर की जनता का गर्मजोशी से अभिवादन किया। इमरान हाशमी और जेनेलिया देशमुख ने युवाओं के साथ सीधा संवाद स्थापित किया और फिल्म की शूटिंग से जुड़े दिलचस्प अनुभव साझा किए। अपारशक्ति खुराना ने अपने चुटीले अंदाज से दर्शकों का खूब मनोरंजन किया। स्वागत से सभी लोग अभीभूत रहे।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।