सतहरिया में अचानक उतरा सेना का हेलीकॉप्टर, हड़कंप
सतहरिया औद्योगिक क्षेत्र के निकट गुरुवार को मौसम खराब होने के कारण सेना के हेलीकॉप्टर की आपात लैंडिग की गई। हेलीकॉप्टर उतरते ही आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई।
जागरण संवाददाता, मुंगराबादशाहपुर (जौनपुर): सतहरिया औद्योगिक क्षेत्र के निकट गुरुवार को सेना के एक हेलीकॉप्टर की आपात लैंडिग हुई। हेलीकॉप्टर उतरते ही आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। सेना का हेलीकॉप्टर देखकर लोग तरह-तरह के कयास लगाने लगे। ग्रामीणों ने इसकी जानकारी पुलिस को दी। हालांकि जब तक मौके पर पुलिस पहुंचती तब तक वह हेलीकॉप्टर उड़ान भर कर वाराणसी की तरफ रवाना हो चुका था। पुलिस उतरने का वजह मौसम खराब होना बताया जा रहा है।
औद्योगिक क्षेत्र स्थित सामुदायिक अस्पताल के निकट सिवान में सेना का हेलीकॉप्टर उतरा तो लेकिन उसमें सवार पायलट नीचे नहीं उतरा। वहां हेलीकॉप्टर करीब 16 मिनट तक खड़ा रहा। उसकी आपात लैंडिग क्यों करनी पड़ी इसकी सटीक जानकारी नहीं मिल सकी लेकिन जानकारों व पुलिस कहना है कि मौसम की खराबी के कारण उसे उतारना पड़ा। मौके पर पहुंचे चौकी प्रभारी विनोद राय ने पूछे जाने पर बताया कि यह हेलीकॉप्टर क्यों उतरा था, इसकी कोई जानकारी नहीं है। संभवत: मौसम की खराबी के चलते उसे उतारना पड़ा। क्षेत्राधिकारी मछलीशहर अवधेश शुक्ल ने बताया कि खराब मौसम व आंधी-पानी की संभावना को देखते हुए सेना का हेलीकॉप्टर कुछ मिनट के लिए नीचे उतरा था। कुछ मिनट बाद ही वह पुन: उड़ान भरा और वाराणसी की ओर चला गया।