ईद मिलादुन्नबी आज, तैयारी पूरी
ईद मिलादुन्नबी यानि बारावफात के लिए जिले भर में तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। शहर भर को दुल्हन की तरह सजाया गया है।
जासं, जौनपुर: ईद मिलादुन्नबी यानि बारावफात के लिए जिले भर में तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। शहर भर को दुल्हन की तरह सजाया गया है। ग्रामीणांचल में भी इसको लेकर काफी उत्साह है। रविवार को मुस्लिम समुदाय इसे पूरे जोशो-खरोश के साथ मनाएगा। प्रशासन ने भी इसके मद्देनजर तैयारी कर रखी है। सुरक्षा व्यवस्था के लिए टीमें लगा दी गई है। इस दौरान रूट डायवर्जन भी रहेगा। शनिवार को अयोध्या मसले पर सुप्रीम कोर्ट के फैसले के बाद प्रशासन कोई चूक नहीं करना चाहेगा, इसलिए खासी सतर्कता भी बरती जा रही है।
बारावफात के मौके पर बाद नमाजे मगरिब अंजुमन व अखाड़ों को शाही ईदगाह से उठाया जाएगा। इसके बाद जुलूस अपनी कदीमी रास्तों मछलीशहर पड़ाव, ओलंदगंज, शाहीपुल, चहारसू, हरलालका रोड, अलफस्टीनगंज से होता हुआ शाही अटाला मस्जिद पहुंचकर देररात जलसे में तब्दील हो जाएगा। इसके लिए शाही ईदगाह, शाही अटाला मस्जिद, शाही बड़ी मस्जिद, चहारसू चौराहा, हरलालका रोड, ओलंदगंज, शाही किला, किदवई पार्क, ओलंदगंज, शाहीपुल, अलफस्टीनगंज, जहांगीराबाद, शेख मोहामिद, नवाब यूसुफ रोड, मीरमस्त, रिजवी खां, मधारे टोला, पानदरीबा सहित पूरे नगर को विद्युत उपकरणों से सजाने के लिए देररात तक काम चलता रहा। टेंट लगाने वालों ने भी कई दिनों की मेहनत के बाद इसे अंतिम रूप दिया। हालांकि बचा हुआ काम रविवार को भी चलता रहेगा। डायवर्ट रहेगा रूट
जुलूस के मार्गों पर शाम से ही वाहनों का आवागमन पूरी तरह से रोक दिया जाएगा। शाही ईदगाह से अटाला मस्जिद तक पहुंचने वाले रास्तों पर दोपहिया, तिपहिया व चारपहिया वाहनों को दूसरी तरफ से गुजारा जाएगा। इसके लिए प्रशासन ने ब्लू प्रिट तैयार कर लिया है। यातायात पुलिस को इसके जिम्मेदारी सौंप दी गई है। सुरक्षा के मद्देनजर टीम लगी
बारावफात के मौके पर शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए डीएम दिनेश कुमार सिंह और रविशंकर छवि ने मातहतों को जिम्मेदारी सौंप दी है। जोनल मजिस्ट्रेट और क्षेत्राधिकारियों को उनके क्षेत्र लगातार भ्रमण करने का निर्देश दिया गया है। थाना प्रभारी भी आयोजन कमेटियों से संपर्क बनाए रखेंगे। शहर में भी पीएसी बल के साथ स्थानीय पुलिस सुरक्षा-व्यवस्था बनाए रखेगी। इसके अलावा आला अधिकारी लगातार गश्त पर रहेंगे। नपा ने भी कसी कमर
आयोजन को लेकर नगर पालिका परिषद की टीम भी मुस्तैद दिखी। साफ-सफाई से लेकर चूना छिड़काव तक के लिए टीम जद्दोजहद करती दिखाई दी। जगह-जगह पेयजल व्यवस्था कराई जा रही है। चिन्हित स्थानों पर पानी के टैंकर खड़े किए जाने हैं।