उत्पादन बढ़ाने के लिए 935 हेक्टेयर में होगा गेहूं का प्रदर्शन
जागरण संवाददाता जौनपुर खेती में आधुनिक तकनीक अपनाकर उत्पादन बढ़ाने के लिए किसानों को
जागरण संवाददाता, जौनपुर: खेती में आधुनिक तकनीक अपनाकर उत्पादन बढ़ाने के लिए किसानों को प्रोत्साहित किया जा रहा है। राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा मिशन योजना के तहत रबी सीजन में 935 हेक्टेयर में गेहूं का प्रदर्शन किया जाएगा। जिले के आठ विकास खंडों में कलस्टर में प्रदर्शन किया जाएगा। चयनित किसानों के खाते में लागत की 90 फीसद धनराशि भेजी जाएगी।
सरकार किसानों की आय बढ़ाकर समृद्ध करने के लिए तमाम योजनाएं संचालित कर रही है। कम लागत में अधिक उत्पादन के लिए खेती की आधुनिक तकनीक का प्रशिक्षण देने के साथ ही प्रोत्साहित किया जा रहा है। इसी क्रम में कलस्टर में गेहूं का प्रदर्शन किया जाएगा। उपनिदेशक कृषि जय प्रकाश ने बताया कि जनपद के करंजाकला, बक्शा, सिकरारा, केराकत, मछलीशहर, शाहगंज, डोभी, मुफ्तीगंज में प्रति सौ हेक्टेयर का नौ कलस्टर होगा। चयनित किसानों को पहले खाद, बीज व रसायन खुद खरीदना होगा। इसके बाद बिल लगाने पर 90 प्रतिशत अनुदान की धनराशि उनके खाते में भेजी जाएगी। उन्होंने बताया कि कृषि विभाग के कर्मचारी और कृषि विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक बोआई से लेकर कटाई तक समय-समय पर किसानों को जानकारी देंगे। बताया कि राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा मिशन योजना में प्रदर्शन में पूरी लागत अनुदान के रूप में किसानों को दी जाती थी। वैश्विक महामारी के कारण इस वर्ष दस प्रतिशत किसान को स्वयं भुगतान करना होगा।