बंद कमरे में फंदे से लटकी मिली विवाहिता की लाश
चंद्रभानपुर गांव में गुरुवार की रात विवाहिता की लाश घर के बंद कमरे में फांसी से लटकी पाई गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने दरवाजा तोड़कर शव को उतारा। मृतका के पिता ने थाने में तहरीर देकर ससुरालीजन पर दहेज हत्या का ाआरोप लगाया है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। आरोपित के तौर पर पति, ससुर व देवर को नामजद किया गया है।
जागरण संवाददाता, बरसठी (जौनपुर): चंद्रभानपुर गांव में गुरुवार की रात विवाहिता की लाश घर के बंद कमरे में फांसी से लटकी पाई गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने दरवाजा तोड़कर शव को उतारा। मृतका के पिता ने थाने में तहरीर देकर ससुरालीजन पर दहेज हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। आरोपित के तौर पर पति, ससुर व देवर को नामजद किया गया है।
उक्त गांव के गौरी शंकर की पत्नी खुशबू (20) रात करीब नौ बजे परिजनों को भोजन कराने के बाद अपने कमरे में सोने चली गई। करीब घंटे भर बाद किसी काम से खुशबू को आवाज लगाई तो भीतर से प्रतिक्रिया नहीं हुई। परिजनों ने देखा तो दरवाजा भीतर से बंद था। किसी अनहोनी की आशंका से घबराए परिजनों ने खिड़की से देखा तो उनकी घिघ्घी बंध गई। कमरे में रस्सी से फंदे के सहारे उसकी लाश लटकी दिखी। परिजनों ने घटना की सूचना मायके वालों के साथ ही थाने पर दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने दरवाजा तोड़कर शव को नीचे उतारा। खुशबू की शादी पिछले साल मई महीने में हुई थी। वह मुंगराबादशाहपुर थाना के चीतापुर गांव निवासी ओम प्रकाश की पुत्री थी। बेटी की मौत की खबर लगने के बाद आए ओम प्रकाश ने थाने में तहरीर देकर आरोप लगाया कि शादी के समय से ही दहेज में कम रुपये की मांग को लेकर ससुरालीजन खुशबू को प्रताड़ित करते थे। उसकी विदाई भी नहीं कर रहे थे। तहरीर के आधार पर पुलिस ने पति गौरी शंकर, देवर राजेश मौर्य और ससुर मनोज के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया। शव को पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।