तालाब किनारे फांसी से लटका मिला युवक का शव
नेवढि़या थाना क्षेत्र के काजीहद गांव में शुक्रवार की सुबह तालाब के किनारे पेड़ में फांसी से लटके युवक का शव दिखाई पड़ने से सनसनी फैल गई। मृत युवक उसी गांव का निवासी था। उसके पिता ने तहरीर देकर आत्महत्या करने की आशंका जताई है।
जागरण संवाददाता, सुरेरी (जौनपुर): नेवढि़या थाना क्षेत्र के काजीहद गांव में शुक्रवार की सुबह तालाब के किनारे पेड़ में फांसी से लटके युवक का शव दिखाई पड़ने से सनसनी फैल गई। मृत युवक उसी गांव का निवासी था। उसके पिता ने तहरीर देकर आत्महत्या करने की आशंका जताई है। पुलिस शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर छानबीन कर रही है।
शौच के लिए जा रहे ग्रामीणों की नजर तालाब के किनारे नीम के पेड़ में रस्सी के सहारे लटके युवक के शव पर पड़ी। उनके शोर मचाने पर बड़ी संख्या में ग्रामीण जुट गये। मृत युवक की पहचान कादीहद डीह गांव निवासी अनीश सिंह (40) के रूप में हुई। खबर लगने पर घटनास्थल से करीब सौ मीटर दूर स्थित मृतक के घर से रोते-बिलखते स्वजन भी मौके पर आ गए। घटना की सूचना थाना पुलिस को दी गई। पुलिस ने फंदा खोलकर शव को उतारा। मृत युवक के पिता छेदी सिंह ने तहरीर देकर बेटे के आत्महत्या करने की आशंका जताई। थानाध्यक्ष राज नारायण चौरसिया ने बताया मामला आत्महत्या का है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर छानबीन की जा रही है। मृतक के परिजन आत्महत्या करने के कारणों के बारे में कुछ नहीं बता पा रहे हैं। उनका सिर्फ इतना कहना है कि वह कुछ दिनों से अवसादग्रस्त चल रहा था।