कब्रिस्तान में शव दफनाने को लेकर विवाद
क्षेत्र के सेठुआपारा गांव में सोमवार को कब्रिस्तान में शव दफन करने को लेकर विवाद हो गया। इसी वर्ग के युवक ने जमीन का कुछ हिस्सा बैनामा कराने की बात कहते हुए शव दफनाने से मना कर दिया।
जागरण संवाददाता, खुटहन (जौनपुर): क्षेत्र के सेठुआपारा गांव में सोमवार को कब्रिस्तान में शव दफन करने को लेकर विवाद हो गया। इसी वर्ग के युवक ने जमीन का कुछ हिस्सा बैनामा कराने की बात कहते हुए शव दफनाने से मना कर दिया। पुलिस और राजस्व अधिकारियों की मौजूदगी में घंटों पंचायत के बाद शव दफनाया जा सका। इसी तरह से दो वर्ष पूर्व भी यहां विवाद हुआ था। बावजूद इसके समस्या के स्थायी निदान का प्रशासन द्वारा कोई प्रयास नहीं किया गया।
गांव निवासी बदरुद्दीन की पत्नी का रविवार की रात इंतकाल हो गया। परिजन शव दफन करने के लिए सोमवार की सुबह गांव के कब्रिस्तान पर ले गए। वहां मोहम्मद इरफान ने कब्रिस्तान की जमीन मे दो डिसमिल भूखंड का बैनामा करा लेने की बात कहते हुए शव दफनाने से रोक दिया। पहले तो मान-मनौव्वल का प्रयास किया गया। मामला न सुलझने पर पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर थानाध्यक्ष वीरेंद्र कुमार बरवाल हमराहियों संग पहुंच गए। मामला संज्ञान में लाए जाने पर तहसीलदार व नायब तहसीलदार शाहगंज भी आ गए। इसके बाद पंचायत शुरु हुई। घंटों चली पंचायत के बाद दूसरा पक्ष शव दफनाए जाने पर रजामंद हो गया। बताते हैं कि उक्त मामला वर्षों से उप जिलाधिकारी के न्यायालय मे विचाराधीन है। जिसका फैसला न हो पाने से जब भी शव दफन का मामला आता है तो यहां विवाद खड़ा हो जाता है।