कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भरवाया किसान मांग पत्र
कांग्रेस पार्टी के किसान जनजागरण अभियान के तहत रविवार को जिले में मड़ियाहूं व नौपेड़वा ब्लाक के कई गांवों में जनसंपर्क किया गया। इस दौरान सैकड़ों किसानों से किसान मांगपत्र भरवाकर उनकी समस्याओं को सुना गया। वक्ताओं ने कहा कि वर्तमान सरकार में किसान परेशान है उनको फसलों का उचित मूल्य नहीं मिल रहा है। भाजपा सरकार में किसानों का नहीं केवल उद्योगपतियों का कर्ज माफ हो रहा है।
जासं, जौनपुर : कांग्रेस के किसान जनजागरण अभियान के तहत रविवार को जिले में मड़ियाहूं व नौपेड़वा ब्लाक के कई गांवों में कार्यकर्ताओं द्वारा जनसंपर्क किया गया। इस दौरान सैकड़ों किसानों से किसान मांगपत्र भरवाकर उनकी समस्याओं को सुना गया। वक्ताओं ने कहा कि वर्तमान सरकार में किसान परेशान हैं, उनको फसलों का उचित मूल्य नहीं मिल रहा है। भाजपा सरकार में किसानों का नहीं केवल उद्योगपतियों का कर्ज माफ हो रहा है।
मड़ियाहूं में वरिष्ठ कांग्रेस नेता डा.राकेश उपाध्याय के नेतृत्व में ग्रामीण क्षेत्रों में किसानों की समस्याओं को सुनने के बाद उनसे संबंधित फार्म भरवाया गया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कसियाव, बलभद्रपुर, अहिरौली, गोपालापुर सहित दर्जनभर गांवों में अभियान चलाया। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता डा.राकेश उपाध्याय ने बताया कि कर्ज माफ-बिजली हाफ, हर गांव में गोशाला, सूखा बारिश की मार का मुआवजा, सरकार किसान फसल बीमा के नाम पर अवैध वसूली बंद करने की मांग को लेकर किसानों से फार्म भरवाया गया। उन्होंने कहा कि किसान सम्मान फार्म भरवाने के बाद किसान जागरूकता अभियान के तहत नुक्कड़ सभा भी प्रस्तावित है। तहसील दिवस पर आंदोलन, सांसद व विधायक के आवास व कार्यालय का घेराव कर किसानों की समस्याओं से संबंधित ज्ञापन सौंपा जाएगा। इस अवसर पर विनय कुमार तिवारी, अधिवक्ता अवधेश, महेंद्र उपाध्याय, संतोष गुप्त आदि उपस्थित रहे।
बक्शा विकास खंड के आधा दर्जन गांवों में कांग्रेसी नेता सुरेंद्र वीर विक्रम बहादुर सिंह के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं द्वारा किसानों से मिलकर किसान मांगपत्र भरवाया गया। उन्होंने केवटली, बेलापार, बक्शा, गढ़ाबाघराराय गांव में भ्रमण कर जनसंपर्क किया। किसानों से मिलकर उनकी समस्याओं को जाना। इस दौरान अध्यक्ष डा.प्रभात विक्रम सिंह, चंद्रजीत गुप्ता, विपिन तिवारी आदि उपस्थित रहे।