एसपीजी सुरक्षा हटाए जाने से कांग्रेसजनों में उबाल
नरेंद्र मोदी और अमित शाह गांधी परिवार के सदस्यों की सुरक्षा के साथ खिलवाड़ कर रहे हैं। देश के प्रतिष्ठित राजनीतिक गांधी परिवार को एसपीजी सुरक्षा दिया जाना विधि के अनुसार सुनिश्चित किया गया है। लेकिन वर्तमान केंद्र सरकार ने इसे हटाकर अपनी मंशा जाहिर कर दी है।
जासं, जौनपुर: प्रधानमंत्री व गृहमंत्री गांधी परिवार के सदस्यों की सुरक्षा के साथ खिलवाड़ कर रहे हैं। देश के प्रतिष्ठित राजनीतिक गांधी परिवार को एसपीजी सुरक्षा दिया जाना विधि के अनुसार सुनिश्चित किया गया है लेकिन वर्तमान केंद्र सरकार ने इसे हटाकर अपनी मंशा जाहिर कर दी है। उक्त बातें यूथ कांग्रेस के जिला अध्यक्ष सत्यवीर सिंह ने शुक्रवार को इस मुद्दे को लेकर प्रदर्शन के दौरान कही।
केंद्र सरकार के इस निर्णय पर पूरे देश के कांग्रेस कार्यकर्ताओं में जबरदस्त आक्रोश है और वे इसे विपक्ष को समाप्त करने की साजिश मान रहे हैं। राजनीति में कुछ भी स्थायी नहीं होता इसलिए केंद्र सरकार इस तरह के खिलवाड़ से बाज आए नहीं तो कांग्रेस कार्यकर्ता सड़क से लेकर सदन तक जोरदार आंदोलन छेड़ने को विवश होंगे। गौरव सिंह, मोहम्मद साजिद, कामरान हैदर, मोहम्मद आरिफ, जयमंगल यादव आदि ने गांधी परिवार की एसपीजी सुरक्षा तत्काल बहाल किए जाने की मांग की। इसके पूर्व पुरानी बाजार में केंद्र सरकार का पुतला फूंककर विरोध जताया गया। इस मौके पर विशाल, इब्राहिम, प्रदीप प्रजापति, अंशु गुप्ता, आशीष मौर्य आदि मौजूद रहे।