जौनपुर में बीएसए, प्रबंधक और प्रधानाचार्य समेत पांच के खिलाफ दर्ज होगा मुकदमा
जौनपुर के शाहगंज में जनता पूर्व माध्यमिक विद्यालय की संपत्ति हड़पने और एमडीएम सहित 70 लाख रुपये से अधिक के गबन मामले में कोर्ट ने पूर्व बीएसए, प्रबंधक व प्रधानाचार्य समेत पांच के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने का आदेश दिया है। यह आदेश सीजेएम ने वादी प्रबंधक के प्रार्थना पत्र पर दिया, जिसमें धोखाधड़ी और जालसाजी के आरोप लगाए गए हैं।

जौनपुर में पूर्व बीएसए समेत पांच पर स्कूल संपत्ति हड़पने और गबन का मुकदमा दर्ज।
HighLights
पूर्व बीएसए, प्रबंधक, प्रधानाचार्य समेत पांच पर FIR का आदेश।
विद्यालय संपत्ति हड़पने, 70 लाख रुपये से अधिक गबन का आरोप।
सीजेएम कोर्ट ने शाहगंज कोतवाल को मुकदमा दर्ज करने को कहा।
जागरण संवाददाता, जौनपुर। शाहगंज के जनता पूर्व माध्यमिक विद्यालय अर्गूपुर कला की संपत्ति धोखाधड़ी, जालसाजी कर हड़पने, एमडीएम के रुपये व विद्यालय के अन्य धन के गबन के आरोप में सीजेएम ने वादी प्रबंधक के प्रार्थना पत्र पर कोतवाल शाहगंज को आरोपित पूर्व बीएसए, प्रबंधक व प्रधानाचार्य समेत पांच के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने का आदेश दिया है।
नरेंद्र बहादुर सिंह प्रबंधक जनता पूर्व माध्यमिक विद्यालय अर्गूपुर कला, शाहगंज ने सीजेएम कोर्ट में तत्कालीन बीएसए डा. गोरखनाथ पटेल, प्रधानाचार्य अमित कुमार सिंह, यूनियन बैंक बीबीगंज शाहगंज के प्रबंधक अवनीश श्रीवास्तव, विद्यालय लिपिक जयप्रकाश यादव व जितेंद्र बहादुर सिंह के खिलाफ कोर्ट में प्रार्थना पत्र दिया।
बताया कि दिसंबर 2024 में निदेशक मध्याह्न भोजन प्राधिकरण, बीएसए, जिलाधिकारी, शाहगंज कोतवाल, डायरेक्टर जनरल शिक्षा विभाग व पुलिस अधीक्षक को प्रार्थना पत्र दिया कि आरोपितों ने विद्यालय की संपत्ति को धोखाधड़ी, छल कपट करके कूट रचित दस्तावेजों के जरिए हड़पने में आपस में सहयोग किया है।
मध्याह्न भोजन (एमडीएम) के पैसों का लाभ मिलकर एक राय होकर प्राप्त किया द विद्यालय का काफी धन गबन किया। आरोपित अमित कुमार, जयप्रकाश व जितेंद्र ने पूछने पर गाली व जान से मारने की धमकी दी। 70 लाख रुपये से अधिक गबन का वादी ने आरोप लगाया। शाखा प्रबंधक यूनियन बैंक की भी भूमिका संदिग्ध बताई गई।
10 दिसंबर 2025 को कोर्ट ने वादी का प्रार्थना पत्र निरस्त कर दिया था, जिसके खिलाफ उसने सेशन कोर्ट में फौजदारी निगरानी दाखिल किया था। दो सितंबर को सेशन कोर्ट ने मजिस्ट्रेट कोर्ट का आदेश निरस्त कर पुन सुनवाई करके निष्कर्ष के प्रकाश में नवीन आदेश पारित करने का आदेश दिया, जिस पर सीजेएम ने प्रभारी निरीक्षक शाहगंज को सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज करने का आदेश दिया।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।