जौनपुर शाही पुल टूटने का एआइ वीडियो वायरल करने वाले पर मुकदमा दर्ज
जौनपुर के ऐतिहासिक शाही पुल को पानी के जहाज से टूटते हुए दिखाने वाला एक एआई जनित भ्रामक वीडियो फेसबुक पर वायरल करने वाले के खिलाफ पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है। यह कार्रवाई जनमानस में सनसनी और भय फैलाने के आरोप में की गई है, और आरोपी की पहचान की जा रही है।

शरारती तत्व के विरुद्ध होगी कार्रवाई, पुलिस मामले की छानबीन में जुटी

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण संवाददाता, जौनपुर। शहर के ऐतिहासिक शाही पुल के पानी के जहाज की टक्कर से ढहने का आर्टिफिशियल इंटेलीजेंस (एआइ) से वीडियो बनाकर इंटरनेट मीडिया के फेसबुक प्लेटफार्म पर प्रचलित कर सनसनी फैलाने वाले आरोपित शरारती तत्व के विरुद्ध कोतवाली पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। यह कार्रवाई सरायपोख्ता पुलिस चौकी प्रभारी आलोक मणि त्रिपाठी की तहरीर पर की गई।
तहीरर के मुताबिक बुधवार को उपनिरीक्षक आलोक त्रिपाठी सहयोगी पुलिस जवानों के साथ क्षेत्र में गश्त कर रहे थे। इसी दौरान जानकारी मिली कि फेसबुक पर सौरभ साहनी नामक व्यक्ति के पेज पर एआइ तकनीक से पानी के जहाज की टक्कर से शाही पुल के टूट कर गिरते दिखाने का असत्य व भ्रामक वीडियो प्रचलित कर जनमानस में सनसनी व भय फैलाने का कृत्य किया गया।

चौकी प्रभारी ने बताया अज्ञात आरोपित को चिह्नित किया जा रहा है। उसके पेज पर ऐसे ही कई और भी सनसनीखेज, भ्रामक व असत्य वीडियो अपलोड हैं। विवेचना उपनिरीक्षक संतोष यादव को सौंपी गई है।
एआइ जनित एक और वीडिया किया है प्रचलित
सौरभ साहनी के ही फेसबुक पेज पर एक वीडियो प्रचलित हो रहा है। इसमें शाही पुल के आधार स्तंभ के ताखे में विशालकाय अजगर के ठिकाना बनाए होने व मुंह निकालने का है।