जौनपुर में खाद के लिए मारपीट और रजिस्टर फाड़ने के मामले में सात पर मुकदमा
जौनपुर के मुंगराबादशाहपुर में खाद वितरण के दौरान सचिव से मारपीट और रजिस्टर फाड़ने के आरोप में सात लोगों के ...और पढ़ें

जौनपुर में खाद वितरण पर हंगामा, सचिव से मारपीट और रजिस्टर फाड़ने पर सात पर केस।
HighLights
खाद वितरण के दौरान सचिव से मारपीट, रजिस्टर फाड़ा गया।
सात आरोपियों के खिलाफ पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया।
जिले में डीएपी खाद की भारी कमी, कालाबाजारी जारी।
जागरण संवाददाता, मुंगराबादशाहपुर (जौनपुर)। क्षेत्र के सोहांसा साधन सहकारी समिति पर खाद वितरण के समय मंगलवार शाम को जमकर हंगामा हुआ। आरोप है कि कुछ लोगों ने कार्यालय में घुसकर सचिव के साथ मारपीट की, सरकारी कार्य में बाधा डाली व वितरण रजिस्टर फाड़कर फरार हो गए। पुलिस ने पीड़ित सचिव की तहरीर पर नामजद और अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। विदित हो कि जिले के अधिकतर केंद्रों पर डीएपी के लिए मारामारी की नौबत है।
फत्तूपुर कला गांव निवासी अनुपम सिंह सोहांसा साधन सहकारी समिति में सचिव के पद पर कार्यरत हैं। पुलिस को दी गई तहरीर में उन्होंने बताया कि वह कार्यालय में बैठकर दिनभर के आय-व्यय का हिसाब तैयार कर रहे थे। इसी दौरान बनगांव तरहटी निवासी अवनीश शुक्ला उर्फ अतुल छह अन्य लोगों के साथ वहां पहुंचे। आरोप है कि दरवाजा खोलकर गाली-गलौज शुरू कर दी गई और विरोध करने पर उनका कालर पकड़कर मारपीट की गई।
सचिव का आरोप है कि आरोपितों ने अवैध रूप से खाद देने का दबाव बनाते हुए वितरण का रजिस्टर फाड़कर नुकसान पहुंचाया। किसी तरह जान बचाकर उन्होंने मौके से भागकर पुलिस को सूचना दी। पुलिस के पहुंचते ही सभी आरोपी फरार हो गए। जाते-जाते अवनीश शुक्ला ने उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी। घटना के अगले दिन 11 नवंबर को उनका चिकित्सकीय परीक्षण कराया गया और 12 नवंबर को थाने पहुंचकर तहरीर दी गई। इस संबंध में थानाध्यक्ष इंस्पेक्टर गजानंद चौबे ने बताया कि तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और मामले की जांच की जा रही है।
बोआई के समय गोदामों से डीएपी गायब
- गेहूं और सरसों की बोआई के मुख्य सीजन में शाहगंज तहसील, मड़ियाहूं तहसील, जलालपुर ब्लाक क्षेत्र सहित तमाम स्थानों के सरकारी गोदामों से डीएपी गायब है। खुले बाजार में डीएपी निर्धारित सरकारी मूल्य से अधिक यानी 1700 रुपये तक में बेची जा रही है। किसानों का आरोप है कि मिल रही खाद की गुणवत्ता भी ठीक नहीं है और दुकानदारों द्वारा कोई रसीद भी नहीं दी जा रही है।
मजबूरी में जैविक खादों से चलाना पड़ रहा काम
जलालपुर: क्षेत्र के धरांव, सलेमपुर, महिमापुर, मई, जगापुर और हरीपुर आदि गोदामों पर फिलहाल डीएपी उपलब्ध नहीं है। जलालपुर चौराहा और चंवरी समेत अन्य बाजारों में महंगे दामों पर खाद मिलने के बावजूद दुकानों पर लंबी कतारें लगी हुई हैं। स्थिति यह है कि चंवरी बाजार में परचून की दुकानों से भी धड़ल्ले से डीएपी व अन्य उर्वरक बेचे जा रहे हैं। नेवादा गांव के किसान प्रकाश, शिवम आदि ने बताया कि डीएपी न मिलने के कारण उन्हें मजबूरी में जैविक उर्वरकों से काम चलाना पड़ रहा है।