विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

जौनपुर में फर्जी पैथोलाजी और गलत जांच रिपोर्ट देने वाले सेंटरों के खिलाफ अभियान जल्द

By Akhilesh Singh Edited By: Abhishek sharma
Published: Sat, 14 Nov 2026 04:00 PM (IST)

जौनपुर में चिकित्सकों की सांठगांठ से मरीजों के शोषण और गलत जांच रिपोर्ट देने वाले निजी जांच केंद्रों पर 30 ...और पढ़ें

जौनपुर में फर्जी पैथोलाजी और गलत जांच रिपोर्ट देने वाले सेंटरों पर होगी कड़ी कार्रवाई।

जौनपुर में फर्जी पैथोलाजी और गलत जांच रिपोर्ट देने वाले सेंटरों पर होगी कड़ी कार्रवाई।

HighLights

  1. मरीजों के शोषण पर अंकुश लगाने 30 दिन का अभियान।

  2. गलत रिपोर्ट देने वाले केंद्रों पर होगी उच्चस्तरीय जांच।

  3. अपंजीकृत सेंटरों के खिलाफ तुरंत दर्ज होगी एफआईआर।

जागरण संवाददाता, जौनपुर। चिकित्सकों की सांठगांठ से मरीजों को गलत जांच रिपोर्ट उपलब्ध कराने वाले निजी जांच केंद्रों पर कार्रवाई की जाएगी। मरीजों के हो रहे शारीरिक एवं आर्थिक शोषण पर प्रभावी रोक लगाने के लिए महानिदेशक चिकित्सा व स्वास्थ्य सेवाएं डा. पवन कुमार अरुण ने मुख्य चिकित्साधिकारियों को पत्र जारी कर माह भर का अभियान चलाने को कहा है। पत्र मिलने के बाद अब सीएमओ कार्यालय में पुराने प्रकरणों की फाइलों को भी खंगाला जाने लगा है।

महानिदेशक ने आदेश में स्पष्ट किया है कि जिन सेंटरों पर रिपोर्ट की गुणवत्ता में कमियों की शिकायतें मिलेंगी उनकी जांच के लिए अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी की अध्यक्षता में उच्चस्तरीय जांच समिति का गठन किया जाएगा। जांच के दौरान समिति संबंधित लैब व पैथोलाजी के संकलित रजिस्टर, रिपोर्ट रजिस्टर, मशीनों व एनालाइजर का मूल डेटा, प्रिंट आउट, बिलिंग अभिलेख और व्यवसाय रजिस्टर को अपने कब्जे में लेगी, जिससे साक्ष्यों से किसी भी प्रकार की छेड़छाड़ न की जा सके। इसके अलावा रिपोर्ट पर हस्ताक्षर करने वाले व्यक्ति की योग्यता और उस चिकित्सक की पहचान भी स्पष्ट की जाएगी, जिसके कहने पर रिपोर्ट में हेराफेरी की गई है।

अपंजीकृत सेंटरों पर दर्ज होगी एफआइआर
जांच के दौरान यदि कोई केंद्र अपंजीकृत पाया जाता है या वहां पैथोलाजिस्ट की अनुपस्थिति में रिपोर्ट में हेराफेरी का मामला सामने आता है तो संबंधित केंद्र के विरुद्ध तुरंत मुकदमा पंजीकृत कराया जाएगा। शासन के निर्देश पर अब जिले में संचालित सभी पैथोलाजी, लैब्स और डायग्नोस्टिक सेंटरों का 30 दिवसीय विशेष निरीक्षण अभियान चलाया जाएगा। साथ ही सभी केंद्रों के बाहर उनकी जांचों का निर्धारित शुल्क और सीएमओ कार्यालय का मोबाइल नंबर स्पष्ट रूप से अंकित करना अनिवार्य किया गया है, ताकि मरीज अपनी शिकायतें आसानी से दर्ज करा सकें।

हर माह औसतन आती हैं चार शिकायतें
जौनपुर: स्वास्थ्य विभाग के आंकड़े के अनुसार जनपद में हर माह औसतन चार शिकायतें फर्जी पैथोलाजी व अल्ट्रासाउंड सेंटर संचालन की आती हैं। नोडल अधिकारी डा. आलोक सिंह ने बताया कि जिले में 161 अल्ट्रासाउंड व 81 पैथोलाजी सेंटर हैं। दो माह में तीन पैथोलाजी सेंटरों को अनियमितता में बंद कराया गया।

मरीज के लिए खतरेजान साबित हुई गलत रिपोर्ट
जौनपुर: जिले के कई पैथोलाजी सेंटरों पर विशेषज्ञ चिकित्सक जिम्मेदारी नहीं संभालते। उनकी डिग्री लगाकर लाइसेंस तो ले लिया जाता है, लेकिन जांच कोई टेक्नीशियन करता है। गलत रिपोर्ट पर दवाओं के सेवन से मरीजों के लिए जानलेवा साबित होती है। इसके उदाहरण हैं बक्शा क्षेत्र के बशारतपुर निवासी बीपी सिंह। बीमार होने पर एक जांच केंद्र से सिटी स्कैन कराया। रिपोर्ट में फेफड़े का कैंसर की आशंका जताते हुए गांठ की साइज आठ सेंटीमीटर से अधिक बताई गई। उसी रिपोर्ट को देख बीएचयू के एक चिकित्सक ने कैंसर की दवा शुरू कर दिया। जिससे वह मरणासन्न हो गए। दोबारा जांच में टीबी मिली। दो माह से दवा चल रही है। उनकी हालत में काफी सुधार है।


देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।