कुएं में गिरे सांड़ की बचाई जान
कोदहूं गांव स्थित विज्ञान संजीवनी सेंट्रल कॉलेज के बगल रविवार की रात कुएं में गिरे सांड़ को चार घंटे चले बचाव कार्य के बाद सुरक्षित निकाल लिया गया।
-अग्नि शमन दस्ते व पशुपालन विभाग ने किया रेस्क्यू ऑपरेशन
-आंख पर बंधी थी पट्टी, पुलिस तहरीर लेकर छानबीन में जुटी
जांस, मुंगराबादशाहपुर (जौनपुर): कोदहूं गांव स्थित विज्ञान संजीवनी सेंट्रल कॉलेज के बगल में रविवार रात कुएं में गिरे सांड़ को चार घंटे चले बचाव कार्य के बाद सुरक्षित निकाल लिया गया। अंदेशा जताया जा रहा है कि किसी शरारतीतत्व ने सांड़ के आंख पर पट्टी बांध दिया था। जिससे सांड़ कुएं में गिर गया। भाजपा नेता ने अज्ञात आरोपित के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने के लिए तहरीर दी है। पुलिस छानबीन कर रही है।
मार्निंग वॉक पर निकले कुछ लोग कुंए के पास से गुजर रहे थे तो सांड़ की आवाज सुनाई दी। झांका तो करीब बीस फुट गहरे सूखे कुएं में सांड़ दिखा। शोर मचाने पर भीड़ जुट गई। पता चलने पर भाजपा नेता पायलट ऑफिसर राधेश्याम पांडेय भी आ गए। उन्होंने उप जिलाधिकारी मछलीशहर व थानाध्यक्ष को घटना की जानकारी दी। उप जिलाधिकारी के निर्देश पर अग्नि शमन केंद्र सतहरिया व पशु चिकित्सकों की टीम आ गई। रस्सी के सहारे रेस्क्यू टीम कुंए में उतरी और सांड़ को बांधकर बाहर निकाला। चिकित्सकों की टीम ने आंख पर बंधी पट्टी खोली और उसका उपचार किया। आक्रोशित लोग शरारतीतत्व के विरुद्ध कार्रवाई की मांग कर रहे थे। भाजपा नेता राधेश्याम पांडेय ने तहरीर दी। पुलिस घटना की छानबीन कर रही है।