विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

जौनपुर में पुलिस एक्शन के बाद भी बिक रहा प्रतिबंधित मांझा, प्रशासन की नाक के नीचे खुलेआम जारी है जानलेवा धंधा

Published: Sat, 17 Oct 2026 03:50 PM (IST)Updated: Sat, 17 Oct 2026 03:54 PM (IST)

जौनपुर में पुलिस की सख्ती और कार्रवाई के बावजूद प्रतिबंधित मांझे की बिक्री चोरी-छिपे जारी है, जिससे लोगों की सुरक्षा पर चिंता बनी हुई है।

एआई जनरेटेड तस्वीर।

एआई जनरेटेड तस्वीर।

HighLights

  1. पुलिस कार्रवाई के बावजूद जौनपुर में मांझे की बिक्री जारी।

  2. जनवरी में 38 मुकदमे, 47 गिरफ्तारियां, 252 क्विंटल मांझा बरामद।

  3. सिटी मजिस्ट्रेट ने प्रतिबंधित मांझा विक्रेताओं पर सख्त कार्रवाई का भरोसा दिया।

जागरण संवाददाता, जौनपुर। प्रतिबंधित मांझे की बिक्री रोकने के लिए पुलिस व प्रशासन की ओर से की गई सख्ती का खास असर नहीं दिख रहा है। मुकदमा दर्ज करने, गिरफ्तारी व भारी मात्रा में प्रतिबंधित मांझा बरामद करने के बावजूद इसे बेचा जा रहा है। शहर के विभिन्न इलाकों में चोरी-छिपे प्रतिबंधित मांझे की बिक्री की जा रही है।

ऐसे में पतंगबाजी के दौरान लोगों की सुरक्षा को लेकर चिंता बनी हुई है। प्रतिबंधित मांझे से होने वाले हादसों को रोकने के लिए पुलिस की ओर से अभियान चलाकर कार्रवाई की गई थी।

जनवरी में प्रतिबंधित मांझे की बिक्री और भंडारण करने के आरोप में 38 लोगों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया गया था, जबकि 47 लोगों को गिरफ्तार किया गया था। इस दौरान 252 क्विंटल प्रतिबंधित मांझा भी बरामद किया गया था। इतनी बड़ी कार्रवाई के बाद उम्मीद थी कि इसकी बिक्री पर प्रभावी रोक लग सकेगी, लेकिन स्थिति में अपेक्षित सुधार नहीं हुआ।

नगर के ताड़तला, नवाब युसुफ रोड, सिपाह, शाही किला, लाइन बाजार, पुरानी बाजार, रूहट्टा, ओलंदगंज, चहारसू, नखास और पॉलीटेक्निक चौराहा सहित कई इलाकों में प्रतिबंधित मांझे की बिक्री होती है। दुकानदारों की ओर से इसे छिपाकर बेचे जाने के कारण इसकी उपलब्धता पर पूरी तरह रोक लगाना चुनौती बना हुआ है। प्रतिबंधित मांझा राहगीरों, दोपहिया वाहन चालकों और पक्षियों के लिए भी गंभीर खतरा बना रहता है।

इस बीच सिटी मजिस्ट्रेट महिपाल सिंह ने भरोसा दिलाया है कि प्रतिबंधित मांझा बेचने वालों के विरुद्ध कार्रवाई की जा रही है। जल्द ही पुलिस की संयुक्त टीम बना दुकानों की जांच की जाएगी। प्रतिबंधित मांझा बेचने वाले दुकानदारों को जेल भेजा जाएगा।

यह भी पढ़ें- बैन के बावजूद आसमान में उड़ रहा 'कातिल मांझा': कट रहे परिंदों के पर, वन विभाग के सेंटर में तड़प रहीं चीलें