प्रदेश का आदर्श ब्लाक बने बक्शा
महाराष्ट्र सरकार के पूर्व गृहराज्यमंत्री कृपा शंकर सिंह ने कहा कि बक्शा प्रदेश का आदर्श ब्लाक बने यह मेरी सोच एवं प्रयास रहेगा। उक्त बातें श्री सिंह शनिवार को बक्शा ब्लाक मुख्यालय सभागार में बना प्रमुख कक्ष का लोकार्पण करते हुए संबोधन में कही।
जागरण संवाददाता, नौपेड़वां (जौनपुर): महाराष्ट्र सरकार के पूर्व गृह राज्यमंत्री कृपाशंकर सिंह ने कहा कि बक्शा प्रदेश का आदर्श ब्लाक बने, यह मेरी सोच है और प्रयास भी रहेगा। उक्त बातें श्री सिंह ने शनिवार को बक्शा ब्लाक मुख्यालय सभागार में बने प्रमुख कक्ष का लोकार्पण करते हुए कही।
सभागार कक्ष को पूर्व ब्लाक प्रमुख स्व. वशिष्ठ नारायण सिंह के नाम का प्रस्ताव रखते हुए उन्होंने सभागार में आयोजित जनकल्याणकारी एवं विकास शिविर में दो पात्रों को आवास प्रमाण पत्र प्रदान किया। कहा कि जीवन में सफलता की डोर उस पतंग के समान है जिसकी डोर हमेशा अपने हाथ में बंधी रखनी चाहिए, उसे छोड़ना नहीं चाहिए। प्रगति के पथ पर चलने वाला मनुष्य निरंतर आगे बढ़ता रहता है। अपने संस्कार व परंपरा को न भूलने की बात कहते हुए ब्लाक प्रमुख सजल सिंह के कार्यों की प्रशंसा की। मुख्य अतिथि श्री सिंह ने सफाई कर्मी संघ ब्लाक अध्यक्ष केशरी प्रसाद को उनके कार्यों पर सम्मानित किया। विशिष्ट अतिथि पूर्व ब्लाक प्रमुख श्रीपति उपाध्याय ने कहा कि ब्लाक के विकास से गांवों का विकास होगा। गांवों का विकास होगा तो जन-जन का विकास होगा। इस दौरान वरिष्ठ काग्रेस नेता राजेश सिंह, पूर्व ब्लाक प्रमुख जयप्रकाश सिंह राना, अपर पुलिस अधीक्षक राममोहन सिंह, डा. शशिकांत पटेल, सरोज सिंह, एडीओ पंचायत हौंसिला प्रसाद सिंह, ओम प्रकाश सिंह, अमित सिंह, चंद्रिका यादव, महेश तिवारी, विनोद सिंह, सुधाकर सिंह सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे। आभार ब्लाक प्रमुख सजल सिंह एवं संचालन केशरी प्रसाद ने किया।