एशियन गेम्स में पदक जीतने वाले रोहित यादव के घर तक बनेगी पक्की सड़क, जौनपुर प्रशासन दूर करेगा सारी अड़चन
एशियन गेम्स के कांस्य पदक विजेता रोहित यादव के जौनपुर स्थित घर तक पक्की सड़क बनाने की तैयारी शुरू हो गई है।

रोहित यादव
HighLights
रोहित यादव एशियन गेम्स में भाला फेंक के कांस्य पदक विजेता हैं।
उनके जौनपुर स्थित घर तक पक्की सड़क का निर्माण होगा।
जिला प्रशासन और खेल मंत्री इस कार्य में सहयोग कर रहे हैं।
जागरण संवादाता, जौनपुर। एशियन गेम्स में भाला फेंक प्रतियोगिता में कांस्य पदक जीतकर देश और जिले का गौरव बढ़ाने वाले मछलीशहर तहसील के अदारी गांव निवासी पदकवीर रोहित यादव के घर तक अब पक्की सड़क पहुंचाने की तैयारी शुरू हो गई है।
लंबे समय से सड़क की समस्या झेल रहे रोहित के परिवार और ग्रामीणों के लिए जिला प्रशासन की पहल उम्मीद की नई किरण लेकर आई है।सड़क निर्माण में आ रही अड़चनों को दूर करने के लिए संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। खेल एवं युवा कल्याण राज्यमंत्री गिरीश चंद्र यादव भी इसके लिए आगे आए हैं। उनका कहना है कि इसके लिए जो भी आवश्यकता होगी उसे पूरा किया जाएगा।
दैनिक जागरण ने तीन दिवसीय अभियान में रोहित यादव के घर तक पक्की सड़क नहीं बनने का मुद्दा प्रमुखता से प्रकाशित किया था।
रोहित यादव ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर शानदार प्रदर्शन कर जिले का नाम रोशन किया है। इसके बावजूद उनके घर तक पहुंचने के लिए अब तक सुगम और पक्की सड़क की सुविधा नहीं है। बरसात के दिनों में कच्चे रास्ते से आवागमन और भी मुश्किल हो जाता है।
यह भी पढ़ें- जौनपुर के 21 ब्लॉकों में बनेगा खेल मैदान, प्रत्येक के लिए जारी होंगे 60 लाख रुपये
प्रशासन की ओर से सड़क निर्माण की संभावनाओं और जमीन संबंधी अड़चनों की जानकारी ली जा रही है। आस-पास के कुछ ग्रामीणों ने स्वेच्छा से रोहित यादव के घर तक कच्ची सड़क बनवा दी है। ग्रामीणों का कहना है कि रोहित ने अपनी मेहनत और प्रतिभा के दम पर जिले को अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाई है। ऐसे खिलाड़ी के घर तक बेहतर सड़क होना जरूरी है।
उस स्थान पर कुछ काश्तकारों की भी भूमि है। मेरा खुद प्रयास है कि रोहित के घर तक जल्द सड़क बने। इसके लिए प्रयास किए जा रहे हैं व संबंधित विभागों से कार्य कराने को लेकर जानकारी भी ली जा रही है।- सैमुअल पाल एन, जिलाधिकारी
रोहित यादव ने तमाम चुनौतियों को पार करते हुए मुकाम पाया है। देश के लिए कांस्य पदक लाकर उन्होंने भारतवासियों का सीना गर्व से चौड़ा किया है। वह आज युवाओं के लिए प्रेरणा हैं। जल्द सड़क निर्माण के लिए पूरा प्रयास किया जाएगा।- गिरीश चंद्र यादव, खेल एवं युवा कल्याण राज्यमंत्री
