मासूम संग दुष्कर्म का आरोपित गिरफ्तार
सोमवार की रात मासूम से दुष्कर्म करने के आरोपित को पुलिस ने मंगलवार की भोर में स्टेशन रोड से गिरफ्तार कर लिया। दुष्कर्म एवं पॉक्सो एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने आरोपित का चालान कर दिया।
जागरण संवाददाता, मुंगराबादशाहपुर (जौनपुर): सोमवार की रात मासूम से दुष्कर्म करने के आरोपित को पुलिस ने मंगलवार की भोर में स्टेशन रोड से गिरफ्तार कर लिया। दुष्कर्म एवं पॉक्सो एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने आरोपित का चालान कर दिया। अदालत ने उसे 14 दिनों की न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया।
आरोपित युवक लाला स्टेशन रोड झोपड़पट्टी का रहने वाला है। वह कबाड़ बीनने का काम करता है। आरोप है कि सोमवार की शाम भाई के साथ खेल रही छह वर्षीय मासूम को गलत नीयत से अगवा करने के लिए युवक ने उसके भाई को गुटखा खरीदने के लिए भेज दिया। भाई के जाने बाद आरोपित बालिका को लेकर चला गया। दुष्कर्म करने के बाद लहूलुहान बेहोशी की हालत में गरियांव यात्री प्रतीक्षालय में छोड़कर भाग गया। आसपास के लोगों ने बालिका को देखा तो यूपी-100 पर सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने पीड़ित बच्ची को उसके घर परिजनों को सिपुर्द कर दिया। रात नौ बजे बालिका की हालत बिगड़ने लगी तो परिजन उसे प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए। चिकित्सकों ने बताया कि बालिका के साथ दुष्कर्म किया गया है। प्राथमिक उपचार के बाद डाक्टरों ने उसे जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया। दुष्कर्म की सूचना मिलने पर थानाध्यक्ष शशिभूषण राय ने आरोपित लाला को मंगलवार की तड़के दबिश देकर उसके घर से दबोच लिया और चालान कर दिया।
मासूम के साथ दुष्कर्म की जानकारी परिजनों को पांच घंटे बाद तब हुई जब परिजन हालत बिगड़ने पर उसे लेकर अस्पताल पहुंचे। जांच के उपरांत चिकित्सकों ने आशंका जताई कि इसके साथ दुष्कर्म हुआ है तब परिजनों के होश उड़ गए। आरोपित के डराने-धमकाने से सहमी बालिका ने परिजनों को कुछ नहीं बताया। पीड़ित मासूम के परिजन भी आरोपित के साथ कबाड़ का काम करते हैं। दुष्कर्म होने की खबर मीडिया में आने के बाद पुलिस प्रशासन हरकत में आया।