जौनपुर में असलहा तस्करी करने वाले अंतरप्रांतीय गिरोह का एक और सदस्य गिरफ्तार
जौनपुर पुलिस ने असलहा तस्कर शुभम सिंह गिरोह के एक और सहयोगी अब्दुल्ला खान को कानपुर से गिरफ्तार किया है। ...और पढ़ें

जौनपुर में अंतरप्रांतीय असलहा तस्कर गिरोह का सातवां सदस्य कानपुर से गिरफ्तार।
HighLights
शुभम सिंह गिरोह का सातवां सदस्य अब्दुल्ला खान गिरफ्तार।
कानपुर के हैरिस गन हाउस का संचालक है अब्दुल्ला।
लाइसेंसी दुकान की आड़ में अवैध असलहा बेचता था।
जागरण संवाददाता, जौनपुर। सरपतहां थाना क्षेत्र के जूड़ापुर गांव निवासी हिस्ट्रीशीटर व असलहा तस्करों के अंतरप्रांतीय गिरोह के सरगना शुभम सिंह उर्फ शिवा सिंह के एक और सहयोगी को पुलिस के गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस शुभम सिंह सहित सात आरोपितों को अब तक गिरफ्तार कर चुकी है। इनमें तीन मध्य प्रदेश, जबकि एक बिहार का निवासी है।
सुजानगंज थाना प्रभारी अमित कुमार पांडेय की टीम ने वांछित आरोपित कानपुर नगर के कैंट थाना क्षेत्र के टैगोर रोड निवासी अब्दुल्ला खान को मिले सुराग पर कानपुर नगर से मंगलवार को गिरफ्तार कर चालान कर दिया। उसके पास से एक एंड्रायड मोबाइल फोन मिला।
आरोपित अब्दुल्ला खान कानपुर स्थित हैरिस गन हाउस का संचालक है। वह अपने सहयोगियों के जरिए लाइसेंसी असलहा की दुकान की आड़ में अवैध असलहा व कारतूस की खरीद-बिक्री करता है। टीम में उपनिरीक्षक राम भवन यादव व सहयोगी पुलिस जवान रहे।
मालूम हो सुजानगंज थाना प्रभारी अमित कुमार पांडेय की टीम ने गत शनिवार की भोर में क्षेत्र के कुरावां नहर पुलिया के पास से स्कार्पियो सवार शुभम सिंह व उसके चार अन्य साथियों को पांच अवैध असलहों, 200 से अधिक कारतूसों व खरीद-फरोख्त के 7.58 लाख रुपये के साथ गिरफ्तार किया था।
पूछताछ में उनसे मिले सुराग पर रविवार को बिहार के छपरा (सारण) थाना नगर के वार्ड नंबर-43 पश्चिमी रौजा निवासी रंजीत कुमार शर्मा को गिरफ्तार किया था।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।