पूर्वांचल विवि में अगले दो दिन आवेदन करने वाले सभी अभ्यर्थियों को हर हाल में मिलेगी डिग्री
वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. राकेश कुमार सिंह ने डिग्री विभाग का औचक निरीक्षण कर छात्रों की ...और पढ़ें

पूर्वांचल विश्वविद्यालय में छात्रों को अब जल्द मिलेगी डिग्री कुलपति ने दिए निर्देश।
HighLights
कुलपति ने डिग्री विभाग का औचक निरीक्षण कर छात्रों की समस्या सुनी।
अगले दो दिनों में सभी लंबित डिग्रियां जारी करने का आदेश दिया।
डिग्री वितरण में तेजी लाने, लापरवाही न बरतने के सख्त निर्देश।
जागरण संवाददाता, मल्हनी (जौनपुर)। वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय में डिग्री के लिए छात्रों को हो रही परेशानी पर कुलपति प्रो. राकेश कुमार सिंह ने शुक्रवार देर शाम डिग्री विभाग का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने छात्रों से सीधे बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं और अगले दो दिनों में आवेदन करने वाले सभी अभ्यर्थियों को हर हाल में डिग्री उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।
निरीक्षण के दौरान कई छात्र 10 से 15 वर्ष पुरानी डिग्री लेने पहुंचे थे।छात्रों ने बताया कि अंकपत्र का सत्यापन कराने के बाद डिग्री तैयार होने में 10 से 20 दिन और कई बार एक माह तक का समय लग रहा है। नौकरी समेत अन्य जरूरी कार्यों के लिए डिग्री की आवश्यकता होने से उन्हें परेशानी उठानी पड़ रही है।
छात्रों की शिकायत थी कि अंकपत्र का सत्यापन होने के बाद डिग्री उसी दिन तैयार हो जाती है, लेकिन तैयार डिग्री को कार्यालय की अलमारी में रख दिया जाता है और छात्रों को उनके मनमुताबिक वितरण किया जाता है। इससे छात्रों में आक्रोश है। कुलपति ने इस व्यवस्था पर नाराजगी जताते हुए डिग्री तैयार होने के बाद उसे तत्काल संबंधित छात्र को उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।
कुलपति ने विभाग की अधीक्षक नीता गुप्ता से डिग्री वितरण में हो रही देरी के कारणों की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि छात्रों को अनावश्यक रूप से कार्यालय के चक्कर न लगाने पड़ें। आवेदन, सत्यापन और डिग्री वितरण की प्रक्रिया में तेजी लाई जाए तथा किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
उन्होंने निर्देश दिया कि अगले दो दिनों में आवेदन करने वाले सभी छात्रों की डिग्री तैयार कराकर उन्हें उपलब्ध कराई जाए। इसके लिए शनिवार को भी डिग्री विभाग खोलकर काम करने की व्यवस्था की गई है। कुलसचिव डा. विनोद कुमार सिंह ने इसके संबंध में आदेश जारी कर दिया है।
दैनिक जागरण में छात्रों को डिग्री मिलने में हो रही परेशानी की खबर प्रकाशित होने के बाद विश्वविद्यालय प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लिया। कुलपति ने विभागीय व्यवस्था की समीक्षा करते हुए छात्रों की लंबित समस्या का तत्काल समाधान करने का निर्देश दिया।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।