'SIR की आड़ में काटे गए विपक्षी दलों के वोट', पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने सरकार चुनाव आयोग पर बोला हमला
कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने चुनाव आयोग पर एसआईआर के बहाने विपक्षी दलों के वोट काटने का आरोप लगाया।

एसआईआर की आड़ में काटे गए विपक्षी दलों के वोट: अजय राय।
HighLights
चुनाव आयोग पर एसआईआर से वोट काटने का आरोप।
दिल्ली में विरोध प्रदर्शनों को रोकने पर सरकार को घेरा।
लोकतांत्रिक व्यवस्था और निष्पक्ष चुनाव पर उठाए गंभीर सवाल।
जागरण संवाददाता, जौनपुर। कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने एसआईआर की आड़ में विपक्षी दलों के वोट काटने का तोहमत लगाते हुए चुनाव आयोग पर जमकर हमला बोला। वह नगर के इंग्लिश क्लब मैदान में शनिवार को आयोजित जॉब फेयर में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे।
उन्होंने चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली, मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) और दिल्ली में विरोध-प्रदर्शन को लेकर सरकार को घेरा। उन्होंने इस पूरे मामले को लोकतांत्रिक व्यवस्था और निष्पक्ष चुनाव से जुड़ा गंभीर सवाल बताते हुए चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली पर निशाना साधा।
कांग्रेस नेता ने कहा कि जब देश की जनता अपनी आवाज उठाने के लिए दिल्ली की सड़कों पर उतर रही है, तब ट्रेन, बस समेत अन्य वाहनों को रोक दिया गया। इतना ही नहीं, जंतर-मंतर जाने वाले सभी रास्तों को सील कर दिया गया।
उन्होंने सरकार के रवैये पर सवाल उठाते हुए कहा कि लोकतंत्र में जनता की आवाज सुनना और उसे अपनी बात रखने का अवसर देना जरूरी है। स्नातक और शिक्षक एमएलसी चुनाव में कांग्रेस की ओर से प्रत्याशी नहीं उतारे जाने के सवाल पर अजय
राय ने स्पष्ट कहा कि उन्होंने चुनाव की तैयारी की थी। हालांकि, पार्टी ने प्रत्याशी क्यों नहीं उतारा, यह पार्टी का निर्णय है। कांग्रेस नेता विकेश उपाध्याय विक्की की ओर से आयोजित जाब फेयर में अजय राय ने भाजपा सरकार की नीतियों, चुनाव आयोग की भूमिका और जनता के विरोध-प्रदर्शन से जुड़े मुद्दों को उठाकर कांग्रेस का राजनीतिक रुख सामने रखा।
