पूर्वांचल विश्वविद्यालय के महाविद्यालयों में एक शिक्षक के नाम पर अनेकों जगह चल रही संबद्धता
वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय से संबद्ध महाविद्यालयों में शिक्षक नियुक्ति और अनुमोदन प्रक्रिया पर गंभीर सवाल उठे हैं। आरोप ...और पढ़ें

पूर्वांचल विश्वविद्यालय शिक्षक अनुमोदन प्रक्रिया पर उठे गंभीर सवाल।
HighLights
एक शिक्षक के नाम कई महाविद्यालयों में अनुमोदन।
महाविद्यालय संचालक नियमित शिक्षकों की नियुक्ति से बच रहे।
विश्वविद्यालय की ऑनलाइन सत्यापन प्रक्रिया पर गंभीर सवाल।
जागरण संवाददाता, मल्हनी (जौनपुर)। वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय से संबद्ध जौनपुर और गाजीपुर के 605 महाविद्यालयों में शिक्षक नियुक्ति और अनुमोदन की व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। शिक्षाविदों के आरोप के अनुसार, करीब 75 प्रतिशत महाविद्यालयों में ऐसे शिक्षकों के नाम दर्ज हैं, जिनका अनुमोदन एक से अधिक संस्थानों में कराया गया है। कई शिक्षकों के नाम पांच, 10, 15 और यहां तक कि 20 महाविद्यालयों तक में दर्ज होने का दावा किया जा रहा है। इससे विश्वविद्यालय की शिक्षक अनुमोदन और सत्यापन प्रक्रिया पर सवाल उठ रहे हैं।
शिक्षाविदों का आरोप है कि कुछ महाविद्यालय संचालक नियमित शिक्षकों की नियुक्ति कर उन्हें प्रतिमाह वेतन देने के बजाय केवल अनुमोदन कराने की व्यवस्था अपना रहे हैं। इसके तहत एक शिक्षक का नाम अनुमोदित कराने के लिए एकमुश्त भुगतान किया जाता है।इसके बाद उसी शिक्षक का नाम दूसरे महाविद्यालयों में भी दर्ज करा दिया जाता है। इस तरह संचालक नियमित शिक्षक रखने और उन्हें हर महीने वेतन देने की जिम्मेदारी से बच जाते हैं।
कागजों पर शिक्षक अनुमोदित रहते हैं, लेकिन संबंधित महाविद्यालय में उनकी नियमित उपस्थिति और शिक्षण कार्य सुनिश्चित नहीं होता।शिक्षाविदों के मुताबिक, कई संस्थानों में अनुमोदित शिक्षक के स्थान पर किसी दूसरे व्यक्ति से पढ़ाई कराई जाती है तो कहीं शिक्षकों की उपलब्धता ही सुनिश्चित नहीं होती।
इसका सीधा असर विद्यार्थियों की पढ़ाई और शैक्षणिक गुणवत्ता पर पड़ता है। अनुमोदन प्रक्रिया में संबंधित विभागों के कर्मचारियों की भूमिका को लेकर भी सवाल उठाए जा रहे हैं।शिक्षाविदों का कहना है कि जब महाविद्यालयों और शिक्षकों से संबंधित पूरी प्रक्रिया ऑनलाइन है तो एक शिक्षक का नाम कितने संस्थानों में दर्ज है, इसका मिलान क्यों नहीं किया जा रहा है।
ऑनलाइन विवरण के आधार पर दोहराए गए नामों को चिह्नित करना संभव है। विश्वविद्यालय प्रशासन सभी 605 महाविद्यालयों के शिक्षक अभिलेखों का मिलान कराने के साथ नियुक्ति पत्र, वास्तविक उपस्थिति और वेतन भुगतान का सत्यापन कराए तो स्थिति स्पष्ट हो सकती है।सवाल यह भी है कि ऑनलाइन व्यवस्था होने के बावजूद ऐसी विसंगतियों पर अब तक प्रभावी कार्रवाई क्यों नहीं हुई।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।