जौनपुर में एसिड अटैक और गोली मारने की धमकी के कारण पुलिस सुरक्षा में हुआ विवाह
जौनपुर के सुजानगंज में एक शादी पुलिस की कड़ी सुरक्षा के बीच संपन्न हुई, क्योंकि दुल्हन पर तेजाब फेंकने और दूल्हे को गोली मारने की धमकी मिली थी। आरोपी राकेश पटेल के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दे रही है।

जौनपुर में तेजाब हमले और गोली मारने की धमकी के बीच पुलिस सुरक्षा में हुआ विवाह।
HighLights
दुल्हन पर तेजाब फेंकने और दूल्हे को गोली मारने की धमकी।
पुलिस की कड़ी सुरक्षा में मैरिज लान में विवाह संपन्न।
आरोपी राकेश पटेल के खिलाफ मुकदमा, गिरफ्तारी के लिए दबिश।
जागरण संवाददाता, जौनपुर। दुल्हन पर एसिड अटैक व दूल्हे को गोली मार देने की धमकी के कारण गुरुवार की रात सुजानगंज स्थित एक मैरिज लान में पुलिस की कड़ी सुरक्षा के बीच विवाह सकुशल संपन्न हो गया। आरोपित युवक के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर सुजानगंज थाना पुलिस टीम गिरफ्तारी के लिए संभावित स्थानों पर लगातार दबिश दे रही है।
सुजानगंज थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी ने गुरुवार को थाना प्रभारी अमित कुमार पांडेय को प्रार्थनापत्र दिया कि उनकी भतीजी के विवाह के लिए मध्य प्रदेश से बरात आ रही है। वैवाहिक कार्यक्रम सुजानगंज बाजार स्थित एक मैरिज लान में निर्धारित है। आरोप लगाया कि तेजी बाजार थाना क्षेत्र के चकनवाबाद निवासी राकेश पटेल कई दिनों से भतीजी को अलग-अलग मोबाइल फोन नंबरों से काल कर परेशान कर रहा है।
अपने साथ शादी न करने पर धमकी दे रहा है कि किसी और से विवाह करोगी तो मंडप में पहुंचकर तुम्हारे चेहरे पर तेजाब फेंक दूंगा और दूल्हे को को गोली दूंगा। मामले को गंभीरता से लेते हुए थाना प्रभारी ने आरोपित के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर लिया। पुलिस की कड़ी सुरक्षा के बीच विवाह सकुशल संपन्न कराया। थाना प्रभारी ने बताया आरोपित की तलाश में पुलिस टीम संभावित स्थानों पर लगातार दबिश दे रही है। शीघ्र गिरफ्तारी कर ली जाएगी।