सड़कों पर फर्राटा भर रहे 40 हजार पुराने वाहन
जिले की सड़कों पर फर्राटा भर रहे 40573 वाहन शासन से आदेश आते ही कबाड़ हो जाएंगे। निर्धारित अवधि पूरी कर चुके इन वाहनों के संचालन पर रोक के लिए अभी परिवहन विभाग को आदेश का इंतजार है।
जागरण संवाददाता, जौनपुर: जिले की सड़कों पर फर्राटा भर रहे 40573 वाहन शासन से आदेश आते ही कबाड़ हो जाएंगे। निर्धारित अवधि पूरी कर चुके इन वाहनों के संचालन पर रोक के लिए अभी परिवहन विभाग को आदेश का इंतजार है। बजट सत्र में घोषणा के बाद वाहन स्वामियों में इसे लेकर खलबली मच गई है।
पर्यावरण संरक्षण के लिए बीएस-6 वाहनों का निर्माण किया जा रहा है, वहीं महानगरों से रिजेक्ट वाहन यहां की सड़कों पर दौड़ रहे हैं। यह जहां दुर्घटनाओं का कारण बन रहे वहीं इनसे पर्यावरण भी प्रदूषित हो रहा है। इन वाहनों के पंजीयन, फिटनेस आदि को लेकर परिवहन विभाग समय-समय पर अभियान चलाकर कार्रवाई तो करता है, लेकिन जटिल प्रक्रिया व हस्तक्षेप के कारण इनके संचालन पर पूर्णतया प्रतिबंध नहीं लग पाया है।
बजट सत्र में यह हुई घोषणा
सरकार ने बजट सत्र में 15 साल की अवधि पूरी कर चुके व्यावसायिक और 20 साल की अवधि पूरी कर चुके प्राइवेट वाहनों के संचालन पर सख्ती से रोक लगाने की घोषणा की है। इसके लिए नोटिफिकेशन की प्रक्रिया चल रही है। नया कानून लागू होने पर जनपद में 40573 वाहन कंडम हो जाएंगे। अवधि पूरी कर चुके वाहनों में 1569 व्यावसायिक वाहन हैं।
कबाड़ होने वाले वाहनों का आंकड़ा..
-15 साल के ऊपर व्यावसायिक वाहन-1569
- 20 साल के ऊपर के दोपहिया वाहन-35239
-20 साल के ऊपर के चार पहिया प्राइवेट वाहन-3765
बोले जिम्मेदार..
जनपद में 40573 वाहन निर्धारित अवधि पूरी कर चुके हैं। इनकी सूची बनाई जा रही है। आदेश आने के बाद वाहन स्वामियों को नोटिस भेजकर कार्रवाई की जाएगी।
-एसपी सिंह, सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी।