जौनपुर में पुलिस के खिलाफ सड़क पर उतरे 125 सर्राफा कारोबारी, छह घंटे दुकानें बंद कर किए प्रदर्शन
जौनपुर में 125 सर्राफा कारोबारियों ने पुलिस उत्पीड़न के खिलाफ प्रदर्शन किया, जिससे छह घंटे तक बाजार बंद रहा और 25 लाख रुपये का कारोबार प्रभावित हुआ। यह विरोध एक छिनैती मामले की जांच के दौरान पुलिस द्वारा व्यापारियों को परेशान करने के आरोप के बाद हुआ, जो बाद में प्रभारी निरीक्षक से बातचीत के बाद समाप्त हुआ।

जौनपुर में पुलिस उत्पीड़न के खिलाफ सर्राफा कारोबारियों का जोरदार प्रदर्शन।
HighLights
जौनपुर में 125 सर्राफा कारोबारियों ने पुलिस उत्पीड़न के खिलाफ प्रदर्शन किया।
छह घंटे बाजार बंद रहने से 25 लाख रुपये का कारोबार प्रभावित हुआ।
पुलिस पर छिनैती मामले की जांच में व्यापारियों को परेशान करने का आरोप।
जागरण संवाददाता, जौनपुर। छिनैती के मामले में पूछताछ के नाम पर सर्राफा कारोबारियों को परेशान करने का आरोप लगाते हुए गुरुवार को करीब 125 व्यापारी सड़क पर उतर आए। पुलिस की कार्यशैली से नाराज व्यापारियों ने दुकानें बंद कर सराय मोहल्ले में धरना-प्रदर्शन किया। करीब छह घंटे तक सर्राफा बाजार बंद रहने से 25 लाख रुपये का कारोबार प्रभावित होने का दावा किया गया। तीन घंटे तक व्यापारी सड़क पर बैठे रहे। बाद में प्रभारी निरीक्षक के साथ बातचीत के बाद प्रदर्शन समाप्त हुआ।
नगर उद्योग व्यापार मंडल के अध्यक्ष जीवन लाल अग्रहरि ने बताया कि 13 नवंबर को जौनपुर शहर के सिपाह निवासी मन्नालाल सेठ मछलीशहर आए थे। वह रोडवेज बस अड्डे से सराय मोहल्ले में गुलाबचंद सर्राफ की दुकान पर पहुंचे और झोले में रखी पायल व अंगूठी बेचकर 37,100 रुपये लिए।
इसके बाद वह रुपये लेकर कायस्थाना मोहल्ले में रहने वाली अपनी बेटी के घर जा रहे थे। रास्ते में बदमाश उनका झोला छीनकर फरार हो गए। मामले में पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज की है।व्यापारियों का आरोप है कि घटना की जांच कर रहे चौकी इंचार्ज विनोद कुमार चतुर्वेदी मुख्य आरोपित को पकड़ने के बजाय सर्राफा कारोबार से जुड़े युवकों को पूछताछ के नाम पर परेशान कर रहे हैं।