दो घंटे भी नहीं मिल रही बिजली
जौनपुर: जनपद में शेड्यूल की ऐसी की तैसी हो गई है। ग्रामीण इलाके में जहां दो-तीन घंटे बिजली नहीं मिल रही है वहीं नगर के नईगंज फीडर की आपूर्ति शुक्रवार को सात घंटे ठप रही है। बेतहाशा हो रही कटौती से लोगों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है।
नगर के नईगंज विद्युत उपकेंद्र की आपूर्ति सुबह दस बजे अचानक ठप कर दी गई। कटौती शाम पांच बजे तक जारी रही। जिसके चलते नागरिक भीषण गर्मी में तिलमिला गए। पानी का भी संकट उत्पन्न हो गया। विभाग के अधिकारियों ने संपर्क करने पर बताया कि तार बदलने के लिए आपूर्ति ठप की गई थी। बिना सूचना के कटौती किए जाने से लोगों में आक्रोश है।
इसी क्रम में विद्युत उपकेंद्र चंवरी से पिछले 18 घंटे से बिजली ठप है। जिसके चलते क्षेत्र में हाहाकार मचा हुआ है। विभाग के लोग व्यवधान का उचित कारण भी नहीं बता पा रहे हैं।
गौराबादशाहपुर क्षेत्र के लोगों द्वारा हाइडिल पर धरना दिए जाने के बाद भी आपूर्ति में सुधार नहीं हुआ। जिसके चलते व्यापारियों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है। व्यापार मंडल के अध्यक्ष लल्लन सिंह ने कहा कि यदि व्यवस्था नहीं सुधरी को उग्र आंदोलन किया जाएगा।
मड़ियाहूं नगर तथा ग्रामीण अंचलों में शेड्यूल के अनुसार आपूर्ति न किए जाने से नागरिकों में आक्रोश है।
तेजीबाजार के साहोपुर विद्युत उपकेंद्र से जुड़े उपभोक्ताओं को एक घंटे भी बिजली नहीं मिल रही है। व्यवधान से छात्र, किसान, व्यापारी सभी परेशान हैं। दो दिन पूर्व क्षेत्रीय लोगों ने उपकेंद्र का घेराव भी किया था इसके बाद भी व्यवस्था नहीं सुधरी।
सिंगरामऊ इलाके के लोग बिजली की आंख मिचौनी से आक्रोशित हैं। विभागीय खामी से आजिज ग्रामीणों ने पिछले हफ्ते पावर हाउस पर ताला बंद कर प्रदर्शन किया। उस दौरान एसडीओ ने चार दिन का समय मांगा था लेकिन सुधार नहीं हुआ। आक्रोशित लोगों ने चेतावनी दिया कि यदि व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ तो फिर तालाबंदी और आंदोलन किया जाएगा।
केराकत नगर में विद्युत दुर्व्यवस्था सुधरने का नाम नहीं ले रही है। गुरुवार को नागरिकों व व्यापारियों ने प्रतिष्ठान बंद कर धरना-प्रदर्शन व चक्का जाम किया था। विभाग के उच्चादिकारियों के आश्वासन के बाद भी स्थिति जस की तस है। गुरुवार की रात बिजली न आने से रातभर नगर के लोग उमसभरी गर्मी में बिलबिलाते रहे। वहीं शुक्रवार को कई खंडों में आपूर्ति की गई।
दो दिनों से टूटकर गिरा है विद्युत तार
बदलापुर (जौनपुर): सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बदलापुर के सामने लगे ट्रांसफार्मर से गुरुवार की शाम अचानक विद्युत तार टूटकर गिर गया। विभाग के कर्मचारियों ने जोड़ने की बजाय काटकर अलग कर दिया। जिसके चलते दो दिन से बिजली नहीं मिल रही है। विभाग के रवैये से लोगों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है।
आपूर्ति में सुधार को डीएम ने भेजा पत्र
जौनपुर: बिजली कटौती की समस्या को लेकर जिलाधिकारी सुहास एलवाई ने शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में विद्युत विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक किया। उन्होंने आपूर्ति में आ रहे व्यवधान की जानकारी लिया। इसके बाद विद्युत वितरण खंड के अध्यक्ष व पूर्वाचल विद्युत वितरण खंड के निदेशक को पत्र लिखकर बिजली उपलब्ध कराने का अनुरोध किया।