यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jun 20, 2019 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
पुलिस के समझाने पर 10 घंटे बाद हुई अंत्येष्टि
केराकत कोतवाली के कदहरा गांव की यादव बस्ती में गत 15 जून को हुई मारपीट में घायल अधेड़ की वाराणसी ...और पढ़ें

जागरण संवाददाता, मुफ्तीगंज (जौनपुर): केराकत कोतवाली के कदहरा गांव की यादव बस्ती में गत 15 जून को हुई मारपीट में घायल अधेड़ की वाराणसी में उपचार के दौरान मौत बाद शव को समझाने-बुझाने पर परिजन करीब दस घंटे बाद गुरुवार की सुबह अंत्येष्टि के लिए लेकर गए तब पुलिस ने राहत की सांस ली। बुधवार की रात शव को केराकत चौराहा पर परिजनों व ग्रामीणों ने विरोध प्रदर्शन व रास्ता जाम किया था। रास्ता जाम खत्म करने के बाद घर ले जाकर हत्या का मुकदमा दर्ज करने व शेष आरोपितों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर अंत्येष्टि न करने पर अड़ गए थे।
रास्ते के विवाद को लेकर हुई मारपीट में बुरी तरह से घायल अधेड़ राम अवध यादव की बीएचयू ट्रामा सेंटर में उपचार के दौरान बुधवार की दोपहर मौत हो गई थी। शव लेकर आए परिजनों ने रात में ही लाश केराकत चौराहे पर रखकर रास्ता जाम व पुलिस के खिलाफ प्रदर्शन किया। समझाने-बुझाने के बाद शव लेकर रात करीब 12 बजे घर पहुंचे तो कहा कि जब तक हत्या का मुकदमा दर्ज कर पुलिस बाकी आरोपितों को गिरफ्तार नहीं कर लेगी तब तक वह अंत्येष्टि नहीं करेंगे। इससे पुलिस की जान सांसत में पड़ गई। बुधवार की सुबह मृतक के घर पहुंचे केराकत के कोतवाल सुनील दत्त ने आश्वासन दिया की मौत के बाद मुकदमे की धारा परिवर्तित कर फरार आरोपितों को भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। इससे संतुष्ट होने के बाद सुबह दस बजे परिजन दाह संस्कार के लिए शव केराकत लेकर गए तब पुलिस ने राहत की सांस ली। मारपीट की घटना के बाद पुलिस ने पांच नामजद आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था। इनमें से दो सुखराम व राम दुलार को पुलिस गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी थी। तीन अन्य सुरेश यादव, विनोद यादव व शिव कुमार यादव अभी पकड़े नहीं जा सके हैं।