विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

जालौन के ब्लैक स्पॉट्स पर संकेतक नदारद, कोहरे में बढ़ा हादसों का खतरा; चार साल में 772 की मौत

Published: Fri, 20 Nov 2026 04:07 PM (GMT+05:30)

उरई में चिह्नित ब्लैक स्पॉट पर संकेतक न होने से सड़क हादसों में वृद्धि हो रही है, पिछले चार सालों में 772 लोगों की जान गई है।  

डकोर कस्बे में पुराने थाने के पास सड़क किनारे नहीं लगे संकेतांक। जागरण

डकोर कस्बे में पुराने थाने के पास सड़क किनारे नहीं लगे संकेतांक। जागरण

जागरण संवादाता, उरई। डकोर से हमीरपुर को जाने वाले मार्ग के इस मोड़ पर कोई संकेतक नहीं है। रात को या कोहरा के समय वाहन चालकों के लिए यहां खतरा बना रहता है। सर्दी का मौसम जोर पकड़ने लगा है और दिसंबर से कोहरा भी पड़ सकता है। ऐसे में हादसों का खतरा भी बढ़ेगा।

पिछले साल परिवहन व पुलिस विभाग ने जिले में 32 ब्लैक स्पॉट चिह्नित किए थे। इन स्थानों में सिर्फ 14 पर ही संकेतक लग चुके हैं। लेकिन अन्य स्थानों पर अभी भी संकेतक नहीं लग सके हैं। इसमें ऊमरी से जाजेपुरा मार्ग, जालौन-औरैया मार्ग पर, कुठौंद से माधौगढ़ जाने वाले मार्ग पर, झांसी-कानपुर हाईवे पर सोमई के पास संकेतक नहीं लग सके हैं। जबकि पिछले 437 हादसों में 211 लोगों की जान चली गई थी। इसके बाद भी कोहरा से पहले विभाग के जिम्मेदार जाग नहीं रहे हैं।

सर्दी के मौसम में पड़ने वाले कोहरा से सभी वाहनों की रफ्तार थम सी जाती है और वाहन रेंग कर चलते हैं। ऐसे में झांसी-कानपुर हाईवे के अलावा उरई-औरैया मार्ग, उरई-कोंच मार्ग, उरई से कोटरा, उरई से राठ मार्ग पर भी छोटे व बड़े वाहन चलते हैं।

इसके बाद भी इन सड़कों पर कई ब्लैक स्पॉट पिछले साल चिह्नित किए थे जिससे कि वहां पर संकेतक लगाने के साथ रिफ्लेक्टर लगाए जा सकें। इस कारण हादसों में कमी आ सके। इसके बाद भी जिला प्रशासन ने 32 स्पॉटों में सिर्फ कुछ ही जगह संकेतक लगवाए हैं और कुछ स्थानों पर यह टूट भी गए हैं। इस कारण अब कोहरा पड़ने पर फिर से हादसों की संख्या बढ़ने का अंदेशा है। अभी कोहरा नहीं पड़ रहा है ऐसे में जिम्मेदारों को सभी चिह्नित स्थानों पर संकेतक लगवा देने चाहिए।

चार साल के हादसों में गई 772 की जानें

झांसी-कानपुर हाईवे, बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे, उरई-औरैया मार्ग पर जिले में सबसे अधिक परिवहन होता है। यहां से झांसी, कानपुर, दिल्ली तक की बसें व अन्य वाहन निकलते हैं। यही कारण है कि चार साल में जिले के अंदर सड़क हादसों में 772 की जानें जा चुकी हैं। इसके बाद भी अभी भी संकेतक व रिफ्लेक्टर के अभाव नजर आता है।

जिम्मेदार बोले

जिले में चिह्नित ब्लैक स्पाटों पर जिला प्रशासन के सहयोग से संकेतक लगाने का काम किया जाएगा। जिस विभाग की सड़क होगी वह इसके लिए जिम्मेदार होता है। -राजेश कुमार, एआरटीओ।

 

दुर्घटनाओं को रोकने के लिए पुलिस की टीमें लगातार काम करती है। सड़कों की डिजायन गलत होने के कारण अधिक हादसे होते हैं। प्रयास रहेगा कि सभी जगह संकेतक लग सकें। -डॉ. ईशान सोनी, अपर पुलिस अधीक्षक।

 

चार साल के हादसों पर एक नजर

वर्ष हादसे मृतक घायल
       
2023 417 214 289
2024 403 193 282
2025 437 211 331
2026 314 154 206

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।