विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

Orai में बेटे के जन्म पर कार्यक्रम में डांसर का डांस देखने पहुंच गए नशे में धुत युवक, जमकर बवाल, 3 पुलिसकर्मियों को पीटा

Published: Tue, 27 Oct 2026 02:46 PM (IST)

जालौन के सौंधी गांव में कुआं पूजन के दौरान नशे में धुत युवकों ने हंगामा किया, जिससे मारपीट हुई। पुलिस ...और पढ़ें

News Article Hero Image

HighLights

  1. सात नामजद और 30 अज्ञात पर बलवा की धारा में मुकदमा, सात हिरासत में

  2. ग्राम सौंधी में कुआं पूजन कार्यक्रम में भरुआ से डांस करने आई थीं चार डांसर

संवाद सूत्र, कदौरा (उरई)। थाना के ग्राम सौंधी में कुआं पूजन कार्यक्रम में डांस के दौरान हांसा गांव के कुछ युवक पहुंचे और नशे में धुत हो बवाल करने लगे। इस पर दोनों पक्षों में कहासुनी के बाद मारपीट हुई तो पुलिस को फोन कर दिया गया। समझाने पहुंचे तीन पुलिस कर्मियों को आरोपित ग्रामीणों ने दौड़ा लिया और मारपीट की। पीआरवी की गाड़ी सहित वहां खड़े कई वाहनों में तोड़फोड़ कर दी।

रात करीब एक बजे कदौरा थाने का फोर्स पहुंचा तो आरोपित भाग निकले। हेड कांस्टेबल की तहरीर पर कदौरा थाने में सात नामजद व 30 महिला-पुरुषों के विरुद्ध बलवा, सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाने, मारपीट की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। सात आरोपित पुलिस की हिरासत में हैं। सीओ राजेश कमल ने बताया कि मामले की जांच चल रही है। तीनों पुलिस कर्मियों को हाथ व चेहरे पर खरोंच आई है।

ग्राम सौंधी में जयप्रकाश के घर तीन पुत्रियों के बाद करीब एक माह पूर्व पुत्र का जन्म हुआ था। इस पर सोमवार को कुआं पूजन का कार्यक्रम आयोजित हुआ था। जिसमें हमीरपुर के भरुआ से चार डांसरों को बुलाया गया था। सोमवार की रात करीब 11 बजे डांस हो रहा था कि तभी ग्राम हांसा के कुछ युवक डांस देखने पहुंच गए। दोनों पक्ष के लोग नशे में होने के चलते वहां डांस देखने के दौरान कहासुनी होने लगी।

इस पर हांसा के युवक पंकज ने अपने गांव से कुछ और लोगों को बुला लिया। कुछ ही देर में दोनों पक्षों में लाठी डंडे चलने लगे। इस पर पंकज ने 112 पर सूचना दे दी। पीआरवी 5701 से हेड कांस्टेबल देवेंद्र गौतम, कांस्टेबल सौरव कुमार व चालक शिवकरन सिंह पहुंचे और दोनों पक्षों के लोगों को शांत कराने का प्रयास किया। इस बीच सौंधी गांव के लोगों ने पुलिस कर्मियों को दौड़ा लिया और उनके साथ मारपीट करते हुए उनके मोबाइल तोड़ दिए।

एक सिपाही की सूचना पर कदौरा थाने से फोर्स पहुंचा तब तक गांव के लोग भाग चुके थे। कालपी सीओ राजेश कमल ने बताया कि हेड कांस्टेबल देवेंद्र गौतम की तहरीर पर ग्राम सौंधी निवासी बृजेंद्र, जेपी उर्फ जयप्रकाश, बीरबहादुर, वीरबल, बाबू सिंह, नीलम पत्नी अजय कुमार व ललिता पत्नी बीर बहादुर व 30 अज्ञात के विरुद्ध बलवा, सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाना, जान से मारने दी धमकी देने सहित कई धाराओं में कदौरा थाने में मुकदमा दर्ज कराया गया है।