बेकाबू ट्रक ने टेंपो में मारी टक्कर, चालक गंभीर
हाईवे पर शुक्रवार सुबह संकट मोचन मंदिर के पास तेज रफ्तार ट्रक की टक्कर से टेंपो चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। नवीन गल्ला मंडी से फल लादकर उरई जाते समय वह हादसे का शिकार हो गया। बीच सड़क लहूहुलान हालत में तड़पते देख राहगीर जुटे और पुलिस को सूचना दी। एंबुलेंस से उसे मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया। दुर्घटना के बाद कुछ देर के लिए झांसी लेन पर यातायात बाधित हुआ
संवाद सूत्र, आटा : हाईवे पर संकट मोचन मंदिर के पास तेज रफ्तार ट्रक ने टेंपो में टक्कर मार दी। इससे टेंपो चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने उसे मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया। दुर्घटना के बाद कुछ देर के लिए झांसी लेन पर यातायात बाधित हुआ। बाद में क्षतिग्रस्त वाहन किनारे कराकर यातायात सुचारू कराया गया। पुलिस का कहना है कि हादसे को अंजाम देने वाला चालक, ट्रक लेकर फरार हो गया।
उरई के बजरिया मोहल्ला निवासी रशीद टेंपो चलाते हैं। वह सुबह मंडी से दुकानदारों के फल लादकर जा रहे थे। झांसी-कानपुर हाईवे पर आटा टोल पार करने के बाद जैसे ही संकट मोचन मंदिर के पास पहुंचा, तभी पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक चालक ने टक्कर मार दी। इससे टेंपो लहराता हुआ सड़क पर फिसलता चला गया। रशीद लहूलुहान हालत में तड़पने लगे। बीच सड़क फलों की टोकरियां बिखर गईं। राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने टोल की एंबुलेंस से मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया। यहां घायल की हालत चिंताजनक बनी हुई है।