प्रधानाचार्य पद के लिए भिड़ीं दो शिक्षिकाएं
ा ससस ससस ससस
प्रधानाचार्य पद के लिए भिड़ीं दो शिक्षिकाएं
- नगर पालिका इंटर कालेज कालपी का मामला
- कोर्ट के आदेश के बाद मची गहमा गहमी
संवाद सहयोगी, कालपी : नगर के नगर पालिका बालिका इंटर कालेज में दो शिक्षिकाओं के बीच प्रधानाचार्य के पद को लेकर विवाद हो गया। जिसके बाद एक शिक्षिका ने पुलिस बुला ली। मामले में डीआईओएस ने प्रबंधन को न्योचित कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
नगर पालिका परिषद के द्वारा संचालित नगर पालिका बालिका इंटर कालेज इन दिनों सुर्खियों में है। यहां पर प्रधानाचार्य के पद के लिए दो शिक्षिकाओं के बीच बीते छह माह से आपस में खींचतान चल रही है। शिक्षिका अर्पणा को कुछ दिन पहले ही प्रधानाचार्य पद का कार्यभार दिया गया था। वहीं शिक्षिका कंचन यादव ने बताया कि वे पहले से ही प्रधानाचार्य के पद पर हैं। उन्होंने कभी चार्ज छोड़ा ही नहीं था। उन्होंने बताया कि उनके पास हाईकोर्ट का आदेश है। फिलहाल दोनों शिक्षिकाओं व प्रबंधक के बीच अहम व प्रधानाचार्य के पद को लेकर विवाद चरम पर है। जिला विद्यालय निरीक्षक भगवत पटेल ने बताया कि कंचन यादव की जगह अपर्णा को चार्ज दे दिया गया था। जिसके बाद कंचन यादव कोर्ट गई हैं, जहां पर इनकी रिट स्वीकार कर ली गई है। कोर्ट ने निर्देश दिया है कि यदि कंचन यादव का चार्ज नहीं बदला है तो इन्हें उसी पद पर रहने दिया जाए। अब उसमें प्रबंधक को विधिक कार्रवाई करने के लिए कह दिया गया है।