झांसी-कानपुर हाईवे पर दस किमी. लंबा लगा जाम
संवाद सूत्र आटा झांसी कानपुर हाईवे पर जाम का रूप बदल गया है। पहले कालपी में अधूरे हा
संवाद सूत्र, आटा : झांसी कानपुर हाईवे पर जाम का रूप बदल गया है। पहले कालपी में अधूरे हाईवे की वजह से वाहनों के पहिए थमते थे, अब निर्माण शुरू होने के चलते डायवर्जन जाम का सबब बन गया है। हालांकि जाम का स्थान बदल गया है। शुक्रवार को जोल्हूपुर मोड़ से आटा की भभुआ मजार तक दस किमी. लंबा जाम लग गया। सैकड़ों वाहनों की कतार लगने से लोग बिलबिला गए। हालांकि एक तरफ की लेन खुली थी, जिससे छोटे वाहन डिवाइडर क्रास कर निकलने लगे। जाम में विवि की परीक्षा देने को निकले छात्र भी फंस गए और परेशानी उठाई। प्रशासन का कहना है कि महज एक-दो दिन की बात है, काम पूरा होते ही समस्या से निजात मिल जाएगी।
नेशनल हाईवे पर कालपी में बचे हुए हिस्से पर सर्विस लेन का निर्माण चल रहा है। जिसके चलते 18 घंटे तक दिन में हाईवे पर भारी वाहनों की आवाजाही पर प्रतिबंध लगाया गया है। इसके चलते गोविदम होटल के पास उरई बाईपास पर भारी वाहनों को 16 घंटे तक रोक दिया जाता है। उसके बाद उन वाहनों को रात 10 बजे के बाद एक साथ छोड़ा जाता है। जिससे हाईवे पर लंबा जाम लग जाता है। शुक्रवार की सुबह करीब 7 बजे जोल्हूपुर मोड़ से भभुआ मजार के आगे पेट्रोल पंप तक भीषण जाम लग गया। छोटी गाड़ियां आटा चौराहा से उल्टी साइड से कालपी की ओर जा रही थीं। जाम के कारण परीक्षा देने वाले छात्रों को खासी परेशानी का सामना करना पड़ा। वाहन चालकों का कहना है कि रात 2 बजे से भीषण जाम लगा हुआ है। पूरे दिन वाहन उरई बाईपास पर एंट्री में खड़े रहते हैं। इसके बाद जब नो एंट्री खुलती है तो जाम लग जाता है। जिससे उन्हें बहुत ही मुसीबतों का सामना करना पड़ रहा है।
कालपी में सर्विस रोड का काम चल रहा है। जिसका काम समाप्त होने वाला है। जिससे जाम से बहुत ही जल्द निजात मिल जाएगी। -सुनील कुमार शुक्ला, एसडीएम