बारिश से गलियां लबालब, घरों तक पहुंचा पानी
जागरण संवाददाता, उरई : बारिश ने लोगों की परेशानी को बढ़ा दिया है। शुक्रवार को सुबह
जागरण संवाददाता, उरई : बारिश ने लोगों की परेशानी को बढ़ा दिया है। शुक्रवार को सुबह से ही बारिश की झड़ी लग गई। पांच घंटे तक हुई बरसात से शहर में जलभराव की समस्या उत्पन्न हो गई। गलियां जलमग्न हुईं तो बरसाती पानी घरों और दुकानों में घुस गया। लोगों को अपना सामान सुरक्षित करने में कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। पानी भर जाने से कई मकान तो टापू बन गए। आवागमन अलग से बाधित हो गया। घर तक आने जाने में बा¨शदों को भारी दिक्कत उठानी पड़ी। शाम को भी तेज बारिश होने के लोग असहज दिखाई दे रहे थे।
गुरुवार को दिन में बारिश होने के बाद तेज बारिश के आसार बन गए थे। रात में तो खास बारिश नहीं हुई लेकिन शुक्रवार की सुबह से ही बारिश होना शुरू हो गई। बारिश काफी तेज थी। डेढ़ बजे तक पानी बरसता रहा। अधिक बारिश होने की वजह से लोगों को भीगते हुए काम पर जाना पड़ा। स्कूल जाने वाले छात्र छात्राओं और बच्चों को भी बारिश ने समस्या पैदा कर दी। घंटाघर, गोपालगंज, गांधी मार्केट में पानी भर जाने से गंदा पानी दुकानों में घुसने लगा जिससे दुकानदारों को अपना सामान सुरक्षित करने में मशक्कत करनी पड़ी। इसके अलावा मोहल्ला शांति नगर, उमररारखेरा, लहरियापुरवा, सुशील नगर, नया पटेल नगर, कालपी रोड किनारे चौरसी मोड़ पर बसी बस्ती में विकट जलभराव हो गया। हालत यह थी गलियां नहर जैसी दिखाई दे रही थीं। जिससे लोगों को आने जाने में परेशानी का सामना करना पड़ा। तमाम घरों में पानी घुस गया। लोग बाल्टियों से पानी उलीचते रहे। सुशील नगर, शांति नगर और राजेंद्र नगर में कई मकान तो टापू जैसे दिखाई दे रहे थे। मकानों के चारों तरफ पानी भरा हुआ था। पानी के निकास की उचित व्यवस्था न होने की वजह से बारिश लोगों के लिए आफत बन गई। रात में भी बारिश की संभावना बनी हुई थी।