शीतलहर से कांपा जनमानस, बारिश ने किया परेशान
जागरण संवाददाता, उरई : सर्दी की विकरालता बढ़ने लगी है। शुक्रवार को शीतलहर के चलते जन
जागरण संवाददाता, उरई : सर्दी की विकरालता बढ़ने लगी है। शुक्रवार को शीतलहर के चलते जनमानस को भारी समस्या का सामना करना पड़ा। गलन के साथ ही तेज गति से चलने वाली सर्द हवाओं ने लोगों को कांपने पर मजबूर कर दिया। हल्की बारिश हुई तो सर्दी की अधिकता बढ़ गई। दिन भर धूप के दर्शन नहीं हुए। सर्दी से बचने के लिए लोगों को अलाव का सहारा लेना पड़ा। पशु भी सर्दी के चलते बेहाल नजर आए। शाम तक सर्दी का सितम बना रहा जिसके चलते जल्दी ही अलाव जलवा दिए गए।
अब तक भले ही कड़ाके की सर्दी का सामना लोगों को न करना पड़ा हो लेकिन अब सर्दी अपने चरम पर पहुंच गई है। गुरुवार की रात से मौसम खराब हो गया था। शुक्रवार को सुबह गलन भरी सर्दी का अहसास लोगों को हुआ। सर्दी अधिक होने की वजह से लोग देर तक बिस्तरों में दुबके रहे। लोगों की हिम्मत घर से निकलने की नहीं हो रही थी। तेज सर्द हवाओं के चलने से लोग परेशान होते रहे। जिन लोगों को आवश्यक कार्य से निकलना था वे सर्दी से बचाव का प्रबंध करके निकले। सर्दी अधिक होने से लोगों को अलाव का सहारा लेना पड़ा। सुबह से ही बूंदाबांदी होने लगी और काले घने बादल छाए रहे। दिन भर धूप के दर्शन नहीं हुए। शाम तक सर्दी का सितम जारी रहा। सर्दी के चलते पशु पक्षी भी बेहाल दिखाई दिए। मौसम विभाग के मुताबिक अधिकतम तापमान जहां 19 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।