मुसमरिया का राम जानकी मंदिर भी बिखेरेगा छटा
मंदिर के शिलान्यास अयोध्या मे प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी
संवाद सूत्र, महेबा : अयोध्या में श्रीराम मंदिर शिलान्यास को लेकर ग्रामीण इलाके के मंदिरों में तैयारियां तेज हो गई हैं। मुसमिरया का राम जानकी मंदिर अलग ही छटा बिखेरेगा। पुजारी से लेकर ग्रामीण विशेष सजावट में जुट गए हैं। घरों में दीपक जला दीपावली मनाई जाएगी, तो रामधुन से माहौल भक्तिमय होगा।
गांव की गलियों व चौपालों में केवल राममंदिर शिलान्यास की ही चर्चा है। मुसमरिया, महेबा, दमरास, पिथऊपुर जैसे ग्रामीण इलाकों के बाशिदों का उत्साह अलग ही बानगी दिखाता है। लोग खुशी मनाने की तैयारी में जुटे हैं। कोई पूजा घर में घी के दीपक जलाने की बात कर रहा है तो कोई मंदिर में पांच दीपक जलाने को लेकर उत्साहित है।
मुसमरिया के राम जानकी मंदिर के महंत महेश्वरानंद ने बताया कि ऐसा लग रहा है जैसे कोई अधूरा सपना पूरा हो रहा है। मंदिर में भजन पूजन के साथ शाम को दीपक जलाए जाएंगे। शंख-घंटों के बीच भजन कीर्तन होगा। इधर, दमरास में अखंड रामायण का पाठ शुरू कर दिया गया। राम जानकी मंदिर के महंत व यहां से पैदल ही अयोध्या जाने वाले दलेल सिंह साज सज्जा में जुटे हैं। उनका कहना है कि भगवान ने हमारी सभी इच्छाएं पूरी कर दीं। राम जानकी की सेवा करने से हमारा जीवन धन्य हो गया।