रोड संकरा, हो रहीं दुर्घटनाएं
जागरण संवाददाता, उरई : नगर में यातायात को सुगम बनाने के लिए कई मार्गों पर डिवाइडर बनवाए गए हैं लेकिन
जागरण संवाददाता, उरई : नगर में यातायात को सुगम बनाने के लिए कई मार्गों पर डिवाइडर बनवाए गए हैं लेकिन यह डिवाइडर कुछ स्थानों पर दुर्घटनाओं का कारण बन रहे हैं। कई दुर्घटनाएं होने के बावजूद अधिकारियों का ध्यान इस ओर नहीं जा रहा है।
कालपी रोड पर अर्चना पैलेस के आगे जायसवाल टावर के समीप डिवाइडर का निर्माण लोगों के लिए खासी दिक्कत पैदा कर रहा है। कारण यह है कि यहां पर सड़क पहले से ही संकरी थी। डिवाइडर बन जाने के बाद सड़क और भी ज्यादा संकरी हो गई है। साथ ही यहां पर सड़क टूटी-फूटी भी है। इस कारण आये दिन यहां पर दुर्घटनाएं होती रहती हैं। कुछ दिनों पूर्व तो एक रोडवेज बस ही डिवाइडर पर चढ़ गई थी। गनीमत रही कि उस दुर्घटना में कोई घायल नहीं हुआ। इससे पहले भी कई वाहन यहां पर दुर्घटनाग्रस्त हो चुके हैं। बड़े वाहनों के निकलने पर बाइक सवारों को किनारे होना पड़ता है और सड़क खराब होने से वह गिर जाते हैं। कई दुर्घटनाएं होने के बावजूद विभागीय अधिकारियों का ध्यान इस ओर नहीं जा रहा है। अगर यहां पर सड़क को चौड़ा करके दुरुस्त करवा दिया जाए तो यह परेशानी दूर सकती है, लेकिन तमाम अधिकारियों के यहां से गुजरने के बाद भी इस ओर उनका ध्यान नहीं जा रहा है। कई उत्सवगृह भी यहां बने हैं और इस कारण किसी बारात के निकलने पर तो दिक्कत और भी ज्यादा बढ़ जाता है।