30 अक्टूबर तक शुरू हो जायेगा ओवरब्रिज, अधिकारियों ने किया निरीक्षण
निर्माणाधीन ओवरब्रिज का निरीक्षण उपजिलाधिकारी व
संवाद सहयोगी, कालपी : नगर में निर्माणाधीन ओवरब्रिज का निरीक्षण उपजिलाधिकारी व क्षेत्राधिकारी ने हाइवे प्राधिकरण के अधिकारियों के साथ किया। इस दौरान उपजिलाधिकारी ने जल्द कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिये।
मालूम हो कि नगर में हाइवे व ओवरब्रिज निर्माण बीते 14 वर्षों तक अधर में लटका था। जिलाधिकारी डॉ. मन्नान अख्तर की पहल आपरेशन सहयोग के चलते निर्माण में बाधा बने पांच धर्मस्थलों को सर्वसम्मति से अन्य स्थानों पर पुन: विस्थापित कराया गया था। इसके बाद राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण की देखरेख में नागार्जुन कंस्ट्रक्शन कंपनी लिमिटेड हैदराबाद, ओवीआईएल लिमिटेड तथा मित्तल ब्रदर्स कंपनी लखनऊ के द्वारा अधूरी पड़ी फोरलेन सड़क चौड़ीकरण में पौने दो किमी का कार्य शुरू कराया गया। कार्यदायी संस्था के प्रबंधक जी गणेशन, ई प्रभाकरण, प्रोजेक्ट मैनेजर फरीद अहमद की देखरेख में बीते डेढ़ वर्षों से निरंतर काम चल रहा था। कई बार उच्चाधिकारियों के द्वारा कार्य स्थल का औचक ढंग से भी निरीक्षण किया। इसी क्रम में शनिवार को एनएचएआई के अधिकारियों के साथ उपजिलाधिकारी जयेंद्र कुमार तथा सीओ आरपी सिंह ने निर्माणधीन ओवरब्रिज का औचक निरीक्षण किया। पूरे ओवरब्रिज का बारीकी से निरीक्षण के बाद उन्होंने निर्देश देते हुये कहा कि जल्द से जल्द निर्माण कार्य को पूरा कराया जाये। इसमें किसी भी प्रकार की शिथिलता को बर्दाश्त नही किया जायेगा। हाइवे प्राधिकरण के अधिकारियों ने बताया कि 30 अक्टूबर तक ओवरब्रिज बनकर तैयार हो जायेगा। उन्होंने उम्मीद जाहिर करते हुए कहा कि 30 अक्टूबर के बाद ओवरब्रिज से छोटे वाहनों का आवागमन शुरू हो जायेगा।